1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के पाटन में 14709 किलो मिलावटी तेल जब्त, 210 डिब्बा खराब तेल भी मिला, 2 साल से चल रही थी फैक्ट्री

गुजरात के पाटन में 14709 किलो मिलावटी तेल जब्त, 210 डिब्बा खराब तेल भी मिला, 2 साल से चल रही थी फैक्ट्री

पाटन की तेल फैक्ट्री में सोयाबीन के तेल में मिलावट कर उसे अलग-अलग नामों से बेचा जा रहा था। आरोपी खराब तेल को अच्छे तेल में मिलाकर बेचते थे।

Gujarat Oil- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पाटन में मिलावटी तेल फैक्ट्री पर छापा

गुजरात के पाटन में बड़े पैमाने पर मिलावट के खेल का खुलासा हुआ है। एफडीए ने छापेमारी कर 14709 किलोग्राम मिलावटी तेल जब्त किया है। क्राइम ब्रांच और खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ किया है। फैक्ट्री में सोयाबिन में सस्ते तेल की मिलावट कर इसे धड़ल्ले से बाजार में बेचा जा रहा था। पाटन में रेड के दौरान एक ट्रक से खराब तेल के 210 डिब्बे भी बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस फैक्ट्री में सोयाबीन तेल में वेस्टेज वाले तेल की मिलावट की जा रही थी, जो सेहत के लिए काफी खतरनाक है।

मुनाफाखोर तेल में मिलावट करके इनको अलग-अलग ब्रांड का लेबल लगाकर बेचते थे। छापेमारी में बड़ी-बड़ी कंपनियों के लेबल बरामद हुए हैं, जिसकी डिब्बे पर लेवलिंग करके इसे मार्केट में बेचा जाना था। जांच टीम इस पूरे रैकेट का पता लगाने में जुटी है कि इस टीम के तार कहां-कहां जुड़े हैं।

बिल बुक की जांच कर रहे अधिकारी

मिलावटी तेल की सप्लाई गुजरात के साथ ही देश के दूसरे राज्यों में भी धड़ल्ले से की जा रही थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि ये फैक्ट्री यहां पिछले दो साल से चल रही थी। ऐसे में इसके स्टॉक और बिल बुक की जांच की जा रही है कि मिलावटी तेल की सप्लाई कहां-कहां की गई। जांच टीम ने पैकिंग के लिए तैयार तेल के 40 डिब्बे भी जब्त किए हैं। ट्रक से खराब तेल के 210 डिब्बे भी बरामद किए गए हैं।

महाराष्ट्र में भी खुले में तेल बेचने पर सख्ती

महाराष्ट्र एफडीए ने खाद्य तेल में मिलावट और नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ाते हुए खुले और बिना लेबल वाले तेल की बिक्री पर रोक लगा दी है। एफडीए ने कहा है कि तेल का प्रोडक्शन और बिक्री तक कारोबारियों को नियमों का पालन करना होगा। एफडीए ने साफ किया है कि अगर कोई भी इसका उल्लंघन करता है तो 10 लाख का जुर्माना और आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। एडिबल ऑयल में मिलावट के खिलाफ महाराष्ट्र के एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे एक्शन मोड में हैं।

कर्नाटक में भी एक्शन

कर्नाटक के उडुपी में केमिकल मिलाकर केले को तैयार किया जा रहा था। खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि उडुपी में केमिकल का इस्तेमाल कर केला पकाया जा रहा है, जिसके बाद टीम ने एक सर्च ऑपरेशन चलाया। उडुपी के अलेयूर, केमथुर और डुगलीपाडु गांवों में उन दुकानों पर छापा मारा, जहां केले को केमिकल का इस्तेमाल करके पकाया जा रहा था। टीम ने 10 हजार 890 किलो केले जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 71 हजार रुपये है।

यह भी पढ़ें-

सूरत में ऑनलाइन फूड ने ली 5 साल की आर्या की जान, पूरी फैमिली अस्पताल में; 15 अगस्त को रेस्टोरेंट से काजू-पनीर मंगाया था

रात के अंधेरे में बनाते थे नकली घी, बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री सील; 35 लाख का माल जब्त