1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत में ऑनलाइन फूड ने ली 5 साल की आर्या की जान, पूरी फैमिली अस्पताल में; 15 अगस्त को रेस्टोरेंट से काजू-पनीर मंगाया था

सूरत में ऑनलाइन फूड ने ली 5 साल की आर्या की जान, पूरी फैमिली अस्पताल में; 15 अगस्त को रेस्टोरेंट से काजू-पनीर मंगाया था

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 19, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 02:22 pm IST

सूरत के एक रेस्टोरेंट से मंगवाया गया खाना एक 5 साल की बच्ची के लिए जानलेवा साबित हुआ और उसके परिवार के चार सदस्यों को अस्पताल पहुंचा दिया। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घटना की पूरी जानकारी ली।

मृत बच्ची की फाइल...- India TV Hindi
मृत बच्ची की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

सूरत के पुणागाम क्षेत्र के कलसारिया परिवार ने सूरत के एक रेस्टोरेंट से काजू पनीर की सब्जी ऑनलाइन मंगवाई थी। खाना खाने के बाद पति-पत्नी और 3 बेटियों सहित परिवार के पांच सदस्य फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। तबीयत बिगड़ने पर सभी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सबसे छोटी बेटी आर्या की मौत गई। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच शुरू की।

खाना खाया, सुबह उल्टियां... दोपहर तक मौत

यह परिवार पुणागाम की रनणुजाधाम सोसाइटी में रहता है। परिवार के मुखिया अशोक कलसारिया ने 15 अगस्त की शाम को शीतल रेस्टोरेंट से ऑनलाइन खाना मंगवाया था। खाना खाने के बाद सभी रात को सोने चले गए। अगले दिन 16 अगस्त की सुबह परिवार के सभी सदस्यों को उल्टियां होने लगी। सुबह करीब 9 बजे उन्होंने एक स्थानीय क्लिनिक में इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत और बिगड़ गई।

इमरजेंसी रूम में पहुंचने के 15 मिनट बाद आर्या की मौत

परिवार के सभी बीमार सदस्यों को शहर के सदविचार अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी रूम में पहुंचने के 15 से 20 मिनट के भीतर ही 5 साल की आर्या की मौत हो गई। आर्या के पिता अशोकभाई, उनकी पत्नी और दो बेटियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने पाया कि उन्हें फ़ूड पॉइज़निंग हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिए कार्रवाई के आदेश

घटना की जानकारी मिलते ही गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घटना की पूरी जानकारी ली और जरूरी चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का आदेश जारी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल बचे हुए परिवार के सदस्यों को सबसे अच्छी मेडिकल देखभाल दे।

मृत बच्ची के परिवार से टेलीफोन पर की बात

स्वास्थ्य मंत्री ने मृत बच्ची के परिवार से टेलीफोन पर बातचीत कर घटना पर गहरा दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी। साथ ही शीतल रेस्टोरेंट को तुरंत सील करने का आदेश भी दिया है और स्थानीय नगर निगम व ज़िला स्वास्थ्य अधिकारियों को ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी शीतल रेस्टोरेंट को सील कर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।

वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में बेंगलुरु के लग्जरी होटलों में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई ने चौंका दिया है। बेंगलुरु के 3-स्टार और 5-स्टार होटलों में हुई जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध, मांस और फंगस लगी सब्जियां जैसी गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। 

(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)

यह भी पढ़ें-

रेल यात्रियों की सेहत से हो रहा खिलवाड़? IRCTC ने जब्त की 8000+ पानी की बोतलें, आइसक्रीम और फूड आइटम्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।