1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. स्माइली बॉल लगने पर ऐसी सजा? किड्स जोन में मासूम को बेरहमी से पीटा, सूरत का ये CCTV देख खून खौल जाएगा

स्माइली बॉल लगने पर ऐसी सजा? किड्स जोन में मासूम को बेरहमी से पीटा, सूरत का ये CCTV देख खून खौल जाएगा

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 05, 2026 10:51 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 10:51 am IST

सूरत की एक सोसायटी के किड्स जोन में खेल रहे 9 साल के बच्चे के साथ दिल दहला देने वाली घटना हो गई। बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था कि गलती से गेंद सोसायटी में रहने वाली एक बच्ची को लग गई। इतनी सी बात पर विवाद बढ़ गया और वर्धन शाह ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी।

किड्स जोन में बच्चे के...- India TV Hindi
किड्स जोन में बच्चे के साथ अमानवीय घटना। Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के सूरत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सोसायटी के किड्स जोन में खेल रहे 9 साल के बच्चे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि खेल के दौरान गलती से गेंद लगने की मामूली बात पर बच्चे को कई थप्पड़ मारे गए और जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मामला अलथाण इलाके में स्थित राजहंस-1 सिंफोनिया बिल्डिंग के किड्स जोन का है। शिकायत के मुताबिक पी.टी. साइंस कॉलेज में प्रोफेसर जागृतिबेन सोनालिया का 9 वर्षीय बेटा हितार्थ 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन अपने दोस्तों के साथ किड्स जोन में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते समय स्माइली बॉल गलती से सोसायटी में रहने वाले वर्धन अमरीशभाई शाह की बेटी को लग गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और वर्धन शाह ने बच्चे को कान के नीचे 5-6 थप्पड़ थप्पड़ जड़े, जिससे वह फर्श पर गिर गया।

कान पकड़कर माफी मांगी, फिर भी थप्पड़ पर थप्पड़

बच्चे ने घुटनों के बल बैठकर और कान पकड़कर माफी भी मांगी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने उसे फिर पीटा। शिकायत में जातिसूचक अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, इस घटना के बाद बच्चा काफी घबरा गया। उसे बुखार आने के साथ ही चेहरे पर सूजन भी आ गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे भटार स्थित मृदुल अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें अमरीशभाई बच्चे को थप्पड़ मारते कैमरे में कैद हुए है।

गाल सूजे, डर के मारे कांप रहा था बच्चा

बच्चे की मां जागृतिबेन ने बताया कि जब वह घर पर आया तो रो रहा था। उसके गाल सूजे हुए थे और डर के मारे कांप रहा था। दूसरें बच्चों से पूछने पर उन्होंने घटना का बारे में बताया। इसके बाद परिवार वालों ने बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें किड्स जोन के सामने लगे कैमरे में कैद हुई यह वारदात देखी।

पुलिस की कार्रवाई

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे की मां ने अलथाण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी जेड.आर. देसाई इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, एक अन्य मामले में नवसारी जिले के प्रसिद्ध उनाई माताजी मंदिर में 7 साल के बच्चे की मंदिर परिसर में बने गर्म पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गई। करीब एक घंटे तक बच्चे की तलाश के बाद CCTV फुटेज से घटना का पता चला। 

(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)

यह भी पढ़ें-

वडोदरा में बस के दरवाजे में फंस गई बच्चे की गर्दन, तड़पकर हो गई मौत, CCTV आया सामने

गुजरात के खेड़ा में स्कूल जा रहे बच्चे पर गिरा बिजली का खंबा, मौके पर मौत, 6 बहनों के बीच अकेला भाई था

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।