A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. RBI के रिजर्व से चुराए ₹8.7 करोड़, महिला सहकर्मी को दिए 28 लाख, 131 दिन बाद गिरफ्तार हुआ

RBI के रिजर्व से चुराए ₹8.7 करोड़, महिला सहकर्मी को दिए 28 लाख, 131 दिन बाद गिरफ्तार हुआ

आरोपी कर्मचारी ने 13 जनवरी को पैसे चुराए थे, लेकिन अब तक किसी को इस बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस को खुफिया सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

RBI- India TV Hindi
Image Source : PTI आरबीआई

गुजरात के अहमदाबाद में एक बैंक के कर्मचारी को भारतीय रिजर्व बैंक के मुद्रा भंडार से 8.7 करोड़ रुपये चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बैंक ऑफ बड़ौदा बैंक में काम करने वाले आरोपी ने चोरी के पैसों को संपत्तियों और क्रिप्टो करंसी में निवेश कर दिया था। पुलिस ने उसे धन शोधन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस आयुक्त हितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने एक खुफिया सूचना मिलने पर आरोपी हर्षिद्ध कडियार को शुक्रवार को सोला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा में कनिष्ठ संरक्षक के पद पर कार्यरत था और उसने 13 जनवरी को करोड़ों रुपये की चोरी को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि कडियार को 27 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। 

संविदा श्रमिकों के साथ मिलकर की चोरी

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी कालूपुर क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की गांधी रोड शाखा में कनिष्ठ संयुक्त संरक्षक था, जहां आरबीआई का मुद्रा भंडार मौजूद है। पुलिस के मुताबिक, कडियार ने दो संविदा श्रमिकों के साथ मिलकर इस्तेमाल किए गए लोहे के बक्सों को बाहर ले जाने के बहाने नकदी की तस्करी की। हालांकि, उन बक्सों में कथित तौर पर 8.7 करोड़ रुपये थे। 

20 अप्रैल के बाद गायब हुआ आरोपी

चौधरी ने बताया कि आरोपी ने संदेह से बचने के लिए 20 अप्रैल तक नियमित रूप से बैंक में काम करना जारी रखा, क्योंकि उसे लगा कि चोरी की घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज 90 दिन बाद स्वतः डिलीट हो जाएगी। बाद में वह अचानक गायब हो गया और लंबे अवकाश पर चला गया। उन्होंने कहा कि आरबीआई निरीक्षण से पहले नियमित सत्यापन के दौरान मुद्रा भंडार के नए प्रभारी को नोटों की कमी का पता चला, जिसके बाद चोरी का मामला सामने आया। चौधरी ने बताया कि 15 मई को कालूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जिस जगह से आरोपी को गिरफ्तार किया, वहां खड़ी एक कार की डिक्की से 2.2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए। 

महिला सहकर्मी को दिए 28 लाख रुपये

अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान कडियार ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की रकम का एक हिस्सा चांदखेड़ा में मकान, एक व्यावसायिक वाहन और अहमदाबाद में एक दुकान खरीदने में लगाया। उसने अपनी एक महिला सहकर्मी को मकान खरीदने के लिए 23 लाख रुपये और अतिरिक्त पांच लाख रुपये नकद भी दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चोरी की रकम का एक हिस्सा क्रिप्टोकरंसी बाजार में भी निवेश किया था।

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद: एयरलाइंस के कर्मचारियों ने ही रची 2.58 करोड़ के 2.1 KG सोने के जेवरों की चोरी की साजिश, पुलिस ने यूं सुलझाई गुत्थी

दिल्ली से कच्छ के लिए नई ट्रेन शुरू, जानें क्या है टाइम-टेबल, किन स्टेशनों पर रुकेगी?