गुजरात के कच्छ से दिल्ली के लिए नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। गाड़ी संख्या 19403 भुज से दिल्ली के लिए चलेगी। वहीं, 19404 दिल्ली से भुज जाएगी। इस ट्रेन से गुजरात और राजस्थान के कई शहर के लोगों को फायदा होगा।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार भुज, जालोर और पाली क्षेत्र को दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिली है। उन्होंने बताया कि देशभर में रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। गुजरात में 4600 करोड़ रुपये के निवेश से 85 रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जबकि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
दिल्ली से जुड़ेंगे गुजरात के 6 शहर
रेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान में भुज–बरेली साप्ताहिक ट्रेन में उत्तर भारत के यात्रियों की संख्या अधिक रहती है, ऐसे में नई दैनिक ट्रेन सेवा यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगी। इस ट्रेन से गुजरात के 6 और अन्य 19 शहरों को दिल्ली से सीधी रेल सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, मजदूरों, किसानों और हस्तशिल्प उद्योग से जुड़े लोगों को इसका विशेष लाभ मिलेगा। रणोत्सव के दौरान दिल्ली और उत्तर भारत से आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
गुजरात में हर रूट पर इलेक्ट्रिक लाइन
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि गुजरात में रेलवे परियोजनाओं पर लाखों करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है और राज्य के सभी रेलवे मार्गों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
क्या है टाइम टेबल?
नई भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली से यह ट्रेन 24 मई से रोजाना शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।
इन शहरों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, जालोर, पाली, अजमेर, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इस नई रेल सेवा से कच्छ क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
(कच्छ से नीतेश गोर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-