गुजरात के जामनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पंचेश्वर टावर के पास स्थित शालिग्राम अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल से कूदकर एक युवती ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 22 वर्षीय दृष्टि जतिनभाई पारेख के रूप में हुई है, जो चार्टर्ड एकाउंटेंट (CA) की पढ़ाई बीच में छोड़ चुकी थी।
शालिग्राम अपार्टमेंट पहुंचकर लगाई छलांग
स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और गहन जांच शुरू कर दी है। शहर में कल्याणजी चौक के पास ज़वेरी डेली इलाके में अपने परिवार के साथ रहने वाली दृष्टि जतिनभाई पारेख बुधवार सुबह पंचेश्वर टावर के पास स्थित शालिग्राम अपार्टमेंट पहुंची और लिफ्ट से नौवीं मंजिल पर जाकर वहां से कूद गई। गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
केदारनाथ यात्रा पर जाने वाला था परिवार
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस टीम और सिटी 'ए' डिवीजन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अपार्टमेंट के CCTV फुटेज से यह भी पता चला है कि लड़की को नौवीं मंजिल की ओर जाते हुए देखा गया था। शुरुआती जांच से पता चला है कि लड़की किसी निजी कारण से मानसिक तनाव में थी। परिवार के अनुसार, पूरा परिवार कुछ ही दिनों में केदारनाथ यात्रा पर जाने वाला था, लेकिन इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
डिप्रेशन की दवा ले रही थी युवती
यह भी पता चला है कि लड़की डिप्रेशन की दवा ले रही थी और उसने अपनी CA की पढ़ाई भी बीच में ही छोड़ दी थी। लड़की के पिता की सोने-चांदी के काम की एक दुकान है और वह अपने माता-पिता, भाई-बहनों और दादी सहित अपने परिवार के साथ रहती थी। योग क्लास जाने की बात कहकर घर से निकलने के बाद जब उसने यह जानलेवा कदम उठाया, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
(रिपोर्ट- हरदीप भोगल)
ये भी पढ़ें-
ग्रेटर नोएडा में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, ड्यूटी पर जा रहे युवक को बदमाशों ने मारी 6 गोली; मौत