गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच, अहमदाबाद ग्रामीण स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात चलाए गए एक ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने वेजलपुर क्षेत्र से गोल्डी बराड़ गिरोह के कुख्यात ऑपरेटिव आरिफ उर्फ ‘पिस्तौल’ को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के प्रयास, फायरिंग और जबरन वसूली सहित 11 से अधिक गंभीर अपराधों में वांछित इस हाई-प्रोफाइल फरार आरोपी को विभिन्न क्षेत्रों में की गई सटीक खुफिया-आधारित कार्रवाई के जरिए पकड़ा गया है।
बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था आरिफ
पुलिस की ओर से की गई जांच में सामने आया है कि आरिफ इस सिंडिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण ऑपरेशनल कड़ी के रूप में काम कर रहा था। वह गोल्डी बरार की ओर से दुबई के माध्यम से धमकी भरे फोन कॉल करने और बड़े पैमाने पर जबरन वसूली के रैकेट को संचालित करने में मदद करता था। कई राज्यों में लगातार चल रही ट्रैकिंग से बचने के लिए यह संदिग्ध आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदलता था और अपनी पहचान छिपाकर रखता था।
क्यों है बड़ी सफलता?
गोल्डी बराड़ गैंग के ऑपरेटिव आरिफ उर्फ ‘पिस्तौल’ की गिरफ्तारी को गिरोह के जबरन वसूली से जुड़े नेटवर्क और धन के प्रवाह को बाधित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस की ओर से उसके स्थानीय सहयोगियों और वित्तीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए फिलहाल संयुक्त पूछताछ जारी है।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को गैंगस्टर आरिफ की तलाश थी, जो कि गोल्डी बराड़ द्वारा चलाए जा रहे बड़े संगठित रंगदारी रैकेट से जुड़ा हुआ है। आपको बता दें कि गोल्डी बराड़ कनाडा में रहता है और अपने गैंग के जरिए रंगदारी के कई मामलों में शामिल है। वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का भी मुख्य सरगना था। बता दें कि हाल ही में गोल्डी का नाम 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के केस में सामने आया था।
कौन है गोल्डी बरार?
गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। वह पंजाब के मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। भारत सरकार ने UAPA गोल्डी को आतंकवादी घोषित कर रखा है। जानकारी के अनुसार, गोल्डी बराड़ छात्र वीजा पर कनाडा गया था और माना जाता है कि वह इस समय कनाडा में ही है। पंजाब सरकार ने भी अखबारों में विज्ञापन जारी कर के विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ समेत कई भगोड़े अपराधियों के बारे में जानकारी देने वालों को पांच लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें- गुजरात के सोमनाथ मंदिर और अहमदाबाद BJP के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जानें पुलिस ने क्या बताया
दिल्ली से गुजरात तक फैले नार्को-एक्सटॉर्शन नेटवर्क पर कसा शिकंजा, पाकिस्तानी मूल की 2 KG हेरोइन भी बरामद; 1 दबोचा गया