1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. दिल्ली-वडोदरा एयर इंडिया फ्लाइट में मचा हड़कंप, उड़ान के दौरान निकला विंडो कवर; वीडियो वायरल

दिल्ली-वडोदरा एयर इंडिया फ्लाइट में मचा हड़कंप, उड़ान के दौरान निकला विंडो कवर; वीडियो वायरल

नई दिल्ली से वडोदरा जा रही फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विंडो का अंदरूनी कवर निकल गया। इसके बाद, उसमें सवार यात्री बुरी तरह घबरा गए। इसका वीडियो भी सामने आया है।

Delhi Vadodara Air India incident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT दिल्ली-वडोदरा एयर इंडिया फ्लाइट में विंडो कवर निकलने से अफरातफरी।

नई दिल्ली से वडोदरा जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में उड़ान के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विंडो का अंदरूनी कवर निकल गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्री घबरा गए। फिर, बिगड़ते हालात को देखते हुए केबिन क्रू ने तुरंत सतर्कता दिखाई और प्रभावित रो को खाली कराकर यात्रियों को सुरक्षित सीटों पर बैठाया।

वायरल हुआ फ्लाइट के अंदर का वीडियो

इसके बाद फ्लाइट ने सुरक्षित रूप से वडोदरा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल, घटना को लेकर एयरलाइन की ओर से आवश्यक जांच की प्रक्रिया की जा रही है। घटना की वजहों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच होगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

क्रू की त्वरित कार्रवाई से संभले हालात

चश्मदीदों के अनुसार, जैसे ही विंडो का कवर अपनी जगह से अलग हो गया, कुछ पैसेंजर्स ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। हालांकि, केबिन क्रू ने उस वक्त सभी यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की और उन्हें विश्वास दिलाया कि फ्लाइट की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं हुआ है। क्रू की तत्काल कार्रवाई से हालात जल्द ही सामान्य हो गए।

एयरलाइन कर रही जरूरी जांच प्रक्रिया

गौरतलब है कि इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसके वीडियो को साझा करते हुए विमान में सुरक्षा मानकों को लेकर प्रश्न उठाए हैं, जबकि कुछ लोगों ने केबिन क्रू की सूझबूझ और उनकी त्वरित कार्रवाई की तारीफ भी की है। फिलहाल, एयरलाइन की तरफ से जरूरी जांच की प्रक्रिया जारी है।

किसी भी टेक्निकल गड़बड़ी को गंभीरता से लेता है क्रू

घटना के दौरान, क्रू ने लोगों को समझाया कि घबराने की जरूरत नहीं है। जान लीजिए कि उड़ान के दौरान ऐसी किसी भी टेक्निकल गड़बड़ी को क्रू गंभीरता से लेता है और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत कार्रवाई करता है, ताकि पैसेंजर्स की सुरक्षा और फ्लाइट ऑपरेशन पर किसी प्रकार का जोखिम न रहे। इससे पहले एयर इंडिया की मुंबई-अहमदाबाद फ्लाइट में गड़बड़ी की खबर के बाद सभी यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें तुरंत नीचे उतारा गया था।

(इनपुट- सत्यम नवासकर)

ये भी पढ़ें- अमहदाबाद एयरपोर्ट से बड़ी खबर, दोहा से हांगकांग जा रही फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग