1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Video: बाढ़ का कहर! कार पार नहीं कर सकती थी तो मरीज को JCB के सहारे पहुंचाया गया एंबुलेंस तक

Video: बाढ़ का कहर! कार पार नहीं कर सकती थी तो मरीज को JCB के सहारे पहुंचाया गया एंबुलेंस तक

चांचबंदर गांव की एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना जरूरी था, लेकिन पानी से घिरे रास्ते के कारण न तो कार वहां तक पहुंच सकी और न ही एंबुलेंस गांव में प्रवेश कर पाई।

जेसीबी में बुजुर्ग महिला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जेसीबी में बुजुर्ग महिला

मुसीबत के समय जब इंसान एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आता है, तो बड़ी से बड़ी आपदा भी छोटी लगने लगती है। गुजरात के अमरेली जिले से इंसानियत की एक ऐसी ही दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां भारी बारिश के बीच एक बुजुर्ग महिला की जान बचाने के लिए जेसीबी मशीन फरिश्ता बनकर सामने आई। तेज बहाव के कारण जब एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी, तो लोगों ने महिला को जेसीबी की बकेट (आगे वाले हिस्से) में लिटाकर नदी पार कराई।

यह मामला अमरेली की राजुला तहसील के समाधियाला गांव का है। इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही थी। इस वजह से स्थानीय समाधियाला बांध ओवरफ्लो हो गया और उसका पानी गांव के पुल के ऊपर से बहने लगा। पानी का बहाव इतना तेज था कि पुल से पैदल गुजरना या गाड़ी निकालना नामुमकिन हो गया था।

जब गांव के बाहर ही रुक गई एंबुलेंस

इसी बीच, पास के तटीय गांव चांचबंदर की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई। उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत थी। परिजनों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन पुल पर भरे पानी और तेज बहाव के कारण एंबुलेंस गांव के बाहर ही रुक गई। रास्ता बंद होने से न तो कोई कार अंदर आ पा रही थी और न ही मरीज को बाहर ले जाना मुमकिन था।

 जेसीबी की मदद से एंबुलेंस तक पहुंची बुजुर्ग महिला

महिला की गंभीर हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी। स्थानीय लोगों ने तुरंत एक जेसीबी मशीन का इंतजाम किया। इसके बाद महिला को बेहद सावधानी के साथ जेसीबी की बकेट में लिटाया गया। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए मशीन को पानी के तेज बहाव के बीच पुल पर उतारा और धीरे-धीरे रास्ता पार किया। पुल के दूसरी तरफ खड़ी एंबुलेंस तक महिला को सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे जेसीबी मशीन एक बुजुर्ग महिला के लिए जीवनदायिनी बन गई। तालुका पंचायत सदस्य विक्रम गुजरिया भी मौके पर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-

मूसलाधार बारिश से महाराष्ट्र में बुरा हाल, दिल्ली में 3 दिनों तक बरसात के आसार, जानें UP-बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल

मोबाइल टॉर्च की रोशनी में दौड़ाई सरकारी बस, VIDEO वायरल होने के बाद KKRTC के 3 कर्मचारी सस्पेंड