1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मूसलाधार बारिश से महाराष्ट्र में बुरा हाल, दिल्ली में 3 दिनों तक बरसात के आसार, जानें UP-बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल

मूसलाधार बारिश से महाराष्ट्र में बुरा हाल, दिल्ली में 3 दिनों तक बरसात के आसार, जानें UP-बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 07, 2026 08:23 am IST,  Updated : Jul 07, 2026 08:30 am IST

आज भी महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली में सुबह या दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

महाराष्ट्र में आज फिर होगी बारिश- India TV Hindi
महाराष्ट्र में आज फिर होगी बारिश Image Source : PTI

जुलाई की शुरुआत के साथ ही पूरे देश में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है, लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 7 जुलाई के लिए महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

महाराष्ट्र में क्यों बढ़ी आफत?

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही, अरब सागर से आ रही अत्यधिक नमी वाली हवाओं के कारण महाराष्ट्र के तटीय और घाट क्षेत्रों में बारिश का सिस्टम बेहद मजबूत हो गया है। इसी वजह से राज्य में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है।

मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में आज सुबह से ही बादलों ने डेरा डाला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां दिनभर रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश होगी। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे के घाट क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज

राजधानी दिल्ली में मॉनसून की दस्तक के बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है। 7 जुलाई को सुबह या दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 8 और 9 जुलाई को भी आंधी-पानी का यह सिलसिला जारी रहेगा।

यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और मेरठ समेत पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है। वहीं, बिहार के पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में आज बिजली गिरने और 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

राजस्थान और झारखंड का हाल

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और जोधपुर समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई तक बहुत भारी बारिश और पश्चिमी राजस्थान में 7-8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।

झारखंड के रांची और जमशेदपुर समेत कई हिस्सों में डिप्रेशन के असर से 12 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है।

पहाड़ी राज्यों में हाई अलर्ट

वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड दोनों ही पहाड़ी राज्यों में 7 से 12 जुलाई तक व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड और हिमाचल में 7 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जिससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और जम्मू समेत कई जिलों में 12 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें-

मुंबई में मंगलवार को भी बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, भारी बारिश के चलते नगर निगम ने लिया फैसला

महाराष्ट्र में बारिश की तबाही पर तेज हुआ सियासी घमासान, पुणे में भूस्खलन से ढहा घर; दबकर 1 की मौत, 2 लापता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत