1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के खेड़ा में स्कूल जा रहे बच्चे पर गिरा बिजली का खंबा, मौके पर मौत, 6 बहनों के बीच अकेला भाई था

गुजरात के खेड़ा में स्कूल जा रहे बच्चे पर गिरा बिजली का खंबा, मौके पर मौत, 6 बहनों के बीच अकेला भाई था

गुजरात के खेड़ा में स्कूल जा रहे बच्चे पर खंबा गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चा, 6 बहनों के बीच अकेला भाई था।

Electric pole- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्कूल जा रहे बच्चे पर खंबा गिरने से उसकी मौत

खेड़ा: गुजरात के खेड़ा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 11 साल के बच्चे की स्कूल जाते समय बिजली का खंबा गिरने से मौत हो गई। अचानक घटी इस घटना से बच्चे के घर में कोहराम मच गया।

क्या है पूरा मामला?

गुजरात के खेड़ा जिले में एक हंसता-खेलता मासूम बच्चा, जो सुबह कंधे पर बस्ता टांगकर स्कूल के लिए निकला था, उसे क्या पता था कि रास्ते में साक्षात काल उसका इंतजार कर रहा है! गुजरात के खेड़ा जिले के महेमदावाद तहसील के आमसरण गांव मे हुई इस बेहद दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक लापरवाही की वजह से 11 साल के मासूम स्कूली बच्चे की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। 

खेडा जिले के महेमदावाद तहसील के आमसरण गांव का रहने वाला 11 वर्षीय मासूम क्रिष्न अजय कुमार यादव, गांव के ही सरकारी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र था। रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे क्रिष्न अपने घर से स्कूल के लिए निकला था। लेकिन ठीक उसी वक्त गांव में बिजली के तारों के पास एक ऊंचे हरे पेड़ की टहनियां काटने का काम चल रहा था। 

अचानक पेड़ की एक भारी-भरकम टहनी सीधे हाई-टेंशन बिजली की लाइन पर जा गिरी। टहनी का दबाव इतना भीषण था कि सीमेंट का भारी बिजली का खंभा जड़ से उखड़ गया और सीधे वहां से गुजर रहे मासूम के ऊपर जा गिरा। पोल के नीचे दबने से मासूम क्रिष्न अजय कुमार यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूले 

इस दर्दनाक हादसे की भनक लगते ही महेमदावाद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और महेमदावाद के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। लेकिन इस हादसे के बाद दिल कंपाने वाली एक और बात सामने आई कि मृतक क्रिष्न यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। 6 बहनों के बाद मन्नत से इस घर में एक बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। 

आज पूरा गांव इस लापरवाही की बलि चढ़े मासूम के लिए आंसू बहा रहा है। 6 बहनों का अकेला भाई, माता-पिता की बुढ़ापे की लाठी... एक झटके में सब कुछ खत्म हो गया। पुलिस ने फिलहाल मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन सवाल वही है कि आखिर पेड़ काटने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे? इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? (रिपोर्ट- नचिकेत मेहता)

ये भी पढ़ें- 

सोमनाथ जाते समय काल बनकर सामने आया खड़ा ट्रक, अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार के 4 लोगों की मौत