1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सोमनाथ जाते समय काल बनकर सामने आया खड़ा ट्रक, अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार के 4 लोगों की मौत

सोमनाथ जाते समय काल बनकर सामने आया खड़ा ट्रक, अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार के 4 लोगों की मौत

 Published : Jul 11, 2026 02:16 pm IST,  Updated : Jul 11, 2026 02:36 pm IST

गुजरात के जूनागढ़ में मजेवड़ी गांव के पास सोमनाथ अस्थि विसर्जन के लिए जा रही एक अर्टिगा कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, चार गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कार में सवार एक बच्चा सुरक्षित बच गया।

Junagadh Road Accident, Gujarat Car Crash, Somnath Accident, Gujarat News- India TV Hindi
जूनागढ़ में अर्टिगा की टक्कर खड़े ट्रक से हो गई थी। Image Source : PTI

Highlights

  • जूनागढ़ के मजेवड़ी गांव के पास खड़े ट्रक से टकराई कार, चार लोगों की मौत।
  • अस्थि विसर्जन के लिए सोमनाथ जा रहा था परिवार, चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
  • दो घायलों की हालत नाजुक, जबकि भीषण हादसे में एक बच्चा सुरक्षित बच गया।

जूनागढ़: गुजरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मजेवड़ी गांव के पास फोर-लेन हाईवे पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क पर खड़े एक ट्रक में जा घुसी। बता दें कि हादसे में एक बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। पुलिस के मुताबिक, बनासकांठा जिले का एक परिवार अपने एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने के लिए सोमनाथ जा रहा था।

कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार तड़के जब उनकी कार जूनागढ़ के मजेवड़ी गांव के पास पहुंची, तभी हाईवे पर खराब होकर खड़े एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार ड्राइवर का कंट्रोल गाड़ी से हट गया था, जिसके बाद कार सीधे ट्रक के में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार में सवार बच्चे को खरोंच तक नहीं आई

घायलों में से 2 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए जूनागढ़ के सिविल अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि कार में सवार एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया और उसे खरोंच तक नहीं आई। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

जूनागढ़ तालुका पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस दर्दनाक हादसे के बाद बनासकांठा जिले और आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैल गई है।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के उमरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार, मासूम बच्चे समेत 4 लोगों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।