1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. प्यार के लिए परिवार छोड़ा, पत्नी की बेरहमी से हत्या, सोनम सुनार की रहस्यमयी मौत से सनसनी

प्यार के लिए परिवार छोड़ा, पत्नी की बेरहमी से हत्या, सोनम सुनार की रहस्यमयी मौत से सनसनी

पुलिस को शव पर शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक ऑटोप्सी रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि सोनम की मौत शरीर पर आई कई गंभीर चोटों (मल्टीपल इंजरी) के कारण हुई।

सोनम सुनार की हत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोनम सुनार की हत्या

परिवार की मर्जी के खिलाफ मुस्लिम प्रेमी के साथ भागकर शादी करने वाली एक युवती की जिंदगी का अंत बेहद दर्दनाक परिस्थितियों में हुआ। गुजरात के गांधीधाम से सामने आए इस मामले में मूल रूप से नेपाली परिवार की 33 वर्षीय सोनम सुनार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसके पति सुल्तान जुसब सुमरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार की मर्जी के बिना भागकर की थी शादी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साल 2011 में सोनम ने गांधीधाम के भारतनगर निवासी सुल्तान के साथ परिवार की मर्जी के बिना भागकर शादी कर ली थी। इस घटना से आहत सोनम के पिता रतनबहादुर सुनार और उसके दोनों भाई गांधीधाम छोड़कर पहले सिद्धपुर और बाद में नेपाल लौट गए थे। 

सोनम के साथ करता था मारपीट

शादी के शुरुआती सालों के बाद सुल्तान का व्यवहार बदलने लगा। वह छोटी-छोटी बातों पर सोनम के साथ मारपीट करता था और उसे मायके वालों से बात करने तक की अनुमति नहीं देता था। बताया जा रहा है कि सोनम कभी-कभी छिपकर अपने छोटे भाई राहुल से फोन पर बात करती थी।

चचेरे भाई को बताया

12 जुलाई को सोनम ने अपने चचेरे भाई संतोष सुनार को फोन कर बताया था कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता है और बेहद गुस्सैल स्वभाव का है। डरे हुए माहौल में उसने अपने भाई को चेतावनी देते हुए कहा था, 'तुम मेरे घर मत आना और मुझे फोन भी मत करना, नहीं तो वह मुझे मार डालेगा।'

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि भारतनगर क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गांधीधाम 'ए' डिवीजन पुलिस मौके पर पहुंची। पति सुल्तान ने पुलिस को बताया कि सोनम को दौरे (मिर्गी) की बीमारी थी और गिर जाने से उसकी मौत हो गई। 

गंभीर चोटों के चलते हुई मौत

हालांकि, पुलिस को शव पर शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामबाग सरकारी अस्पताल और बाद में फॉरेंसिक ऑटोप्सी के लिए जामनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। फॉरेंसिक जांच में खुलासा हुआ कि सोनम की मौत शरीर पर आई कई गंभीर चोटों (Multiple Injuries) के कारण हुई।

दुबई में लॉन्ड्री वर्कर के रूप में कार्यरत सोनम के छोटे भाई राहुल सुनार गांधीधाम पहुंचे और गांधीधाम 'ए' डिवीजन पुलिस स्टेशन में सुल्तान जुसब सुमरा के खिलाफ बहन की हत्या करने की शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

पुलिस ने आरोपी सुल्तान को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। इस पूरे मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर एमजे राठौड़ के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कच्छ से नीतेश गोर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

दोस्त के फ्लैट से 21 वर्षीय युवक का मिला संदिग्ध शव, पूरी रात बेटे की तलाश करता रहा पिता