1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के जामजोधपुर में पानी में बह रहे 2 बच्चों को स्थानीय लोगों ने बचाया, ई-रिक्शा नाले में बहा

गुजरात के जामजोधपुर में पानी में बह रहे 2 बच्चों को स्थानीय लोगों ने बचाया, ई-रिक्शा नाले में बहा

भारी बारिश के बाद रास्ते में बाढ़ का पानी नदियों की तरह बहता दिखा। दो बच्चे भी इसमें बहने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया। हालांकि, एक ई-रिक्शा पानी में बह गया।

Gujarat Rain- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गुजरात में बहा ई-रिक्शा

जामजोधपुर में लगातार भारी बारिश के कारण सिर्फ चार घंटों में लगभग 6.5 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जबकि खरावाड़ इलाके में बाढ़ का पानी नदियों की तरह बहता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान, खरावाड़ इलाके में बाढ़ के तेज़ बहाव में दो बच्चे बह गए। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी खतरे के बीच तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की हिम्मत और सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

यह पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ तौर पर बच्चों को बाढ़ के तेज पानी में बहते हुए और स्थानीय लोगों द्वारा किए गए बचाव प्रयासों को देखा जा सकता है। इस घटना ने एक बार फिर भारी बारिश के दौरान बाढ़ के पानी के पास न जाने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की जरूरत को उजागर किया है।

पानी में बहा ई-रिक्शा

जामजोधपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पानी के तेज बहाव के बीच, बिना ड्राइवर का एक रिक्शा पानी के बहाव में बहता हुआ देखा गया। गनीमत रही कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि उस समय रिक्शे में कोई सवार नहीं था। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें रिक्शा बाढ़ के पानी के तेज बहाव में आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। 

प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की

जामनगर जिले के जामजोधपुर तालुका में भारी बारिश के बाद नदियों और नहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी का बहाव तेज हो गया है और आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है। स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने और बिना जरूरत जलभराव वाले इलाकों में न जाने की अपील की है। भारी बारिश से बने हालात को देखते हुए, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नहरों और पानी से भरे इलाकों के पास न जाएं और सावधानी बरतें।

(जामनगर से हरदीप भोगल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गुजरात की कोर्ट ने 18 पाकिस्तानी समेत 19 ड्रग्स तस्करों को सुनाई 20-20 साल कैद की सजा, 575 करोड़ की हेरोइन हुई थी बरामद

गुजरात के वडोदरा में घर से मिला शराब का जखीरा, तस्कर ने छिपाने के लिए फर्श के नीचे बना रखा था तहखाना, देखें VIDEO