A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Video: खेलते समय 14 साल की लड़की को आया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Video: खेलते समय 14 साल की लड़की को आया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

आनंदी अपने परिवार के लोगों के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। खाने के बाद वह दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान उसे हार्ट अटैक आया और चंद मिनटों में ही उसकी मौत हो गई।

heart attack death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हार्ट अटैक से जान गंवाने वाली लड़की

गुजरात के जामनगर में 14 साल की लड़की की हार्ट अटैक से मौत हो गई। चांदी बाजार इलाके की रहने वाली आनंदी मोदी नाम की किशोरी राजकोट में अपने मामा के घर गई थी, जहां खेलते समय वह अचानक बेहोश हो गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई। इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जामनगर के चांदी बाजार इलाके की रहने वाली 14 साल की आनंदी मोदी पुरुषोत्तम मास के मौके पर राजकोट में अपने मामा के घर गई थी। परिवार वालों ने बताया कि आनंदी अपने परिवार के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। खाना खाने के बाद, वह दूसरे बच्चों के साथ हंस-खेल रही थी, तभी अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस घटना से परिवार वाले घबरा गए और इलाज के लिए उसे तुरंत पास के अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आनंदी को मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में डॉक्टर हार्ट अटैक को मौत की वजह मान रहे हैं, हालांकि मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से और जानकारी मिलने का इंतजार है। सिर्फ 14 साल की कम उम्र में किशोरी की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। पूरा परिवार शोक में डूबा है, और जान-पहचान वालों और इलाके में भी गम का माहौल है।

गुजरात में बच्चों और युवाओं में हार्ट अटैक के मामले बढ़े

8 वर्षीय गर्गी रानपारा (अहमदाबाद, जनवरी 2025): अहमदाबाद के थलतेज स्थित ज़ेबर स्कूल फॉर चिल्ड्रेन में क्लास 3 की छात्रा गर्गी रानपारा स्कूल पहुंचते ही सीने में दर्द की शिकायत करने लगी। लॉबी में बेंच पर बैठते ही बेहोश हो गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत सीपीआर दिया और अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की पुष्टि की। बच्ची स्वस्थ दिख रही थी। सीसीटीवी में घटना कैद हुई।

19 वर्षीय विनीत कुंवरिया (जामनगर, सितंबर 2023): पहले वर्ष के इंजीनियरिंग छात्र विनीत गरबा प्रैक्टिस के दौरान पटेल पार्क क्षेत्र में 'स्टेप एंड स्टाइल डांडिया एकेडमी' में नाच रहा था। पहले राउंड के बाद अचानक गिर पड़ा। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां कार्डियक अरेस्ट में मृत घोषित कर दिया गया। वह स्वस्थ था, कोई पुरानी बीमारी नहीं। नवरात्रि की तैयारी में यह घटना जामनगर में सदमा बन गई। 

13 वर्षीय भवेश लक्ष्मणभाई बंबा (राजकोट, जुलाई 2025): राजकोट के अटल सरोवर पर परिवार के साथ वॉक करते हुए 13 साल का भवेश अचानक बेहोश हो गया। चाचा के बादाम शेक स्टॉल के पास पानी पीने के बाद गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में हार्ट अटैक का संदेह। सीसीटीवी में घटना कैद हुई। उसी दिन राजकोट में 20 साल के एक युवक की भी इसी तरीके मौत हुई। 

19 वर्षीय MBBS छात्र (जामनगर, 2024): जामनगर में एक 19 साल के एमबीबीएस छात्र जिम में एक्सरसाइज करते समय अचानक गिर पड़ा। प्रयासों के बावजूद बचाया नहीं जा सका। सडन कार्डियक अरेस्ट माना गया। स्वस्थ लाइफस्टाइल वाला छात्र होने के बावजूद हार्ट अटैक से मौत चिंताजनक रही।

(जामनगर से हरदीप भोगल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

स्टेटस में 'I quit bye world' लिखकर शख्स ने 13वीं मंजिल से लगाई छलांग, सामने आया CCTV फुटेज

सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान 4 लोगों की मौत, जहरीली गैस से दम घुटा, हीरा फैक्ट्री के अंदर हुआ हादसा