1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत में शख्स ने मां और छोटे भाई की चाकू गोदकर की हत्या, किराये की आय को लेकर था विवाद

सूरत में शख्स ने मां और छोटे भाई की चाकू गोदकर की हत्या, किराये की आय को लेकर था विवाद

सूरत में एक शख्स ने अपनी मां और छोटे भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि किराए से मिलने वाली आय को लेकर विवाद चल रहा था।

शख्स ने मां और छोटे भाई की हत्या की।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE शख्स ने मां और छोटे भाई की हत्या की।

सूरत: गुजरात के सूरत शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां संपत्ति को लेकर विवाद के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी मां और छोटे भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर कई सालों से विवाद चल रहा था। इसे लेकर कई बार बैठक भी हो चुकी थी। इसी विवाद के चलते युवक ने अपनी मां और छोटे भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

तेलंगाना का रहने वाला था परिवार

पुलिस उपायुक्त (DCP) कानन देसाई ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे ही है। यहां सूरत के लिंबायत इलाके की सहजानंद सोसाइटी में शख्स ने अपनी मां और छोटे भाई की हत्या कर दी। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी श्रीनिवास (40) को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान मल्लेश्वरी गोडुरू और उनके सबसे छोटे बेटे राजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला है और सूरत में रहता है।

किराये के रुपयों के लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, परिवार में संपत्ति के बंटवारे और मल्लेश्वरी गोडुरू की तीन दुकानों से मिलने वाले किराये की आय को लेकर विवाद चल रहा था। इन दुकानों से हर महीने लगभग 60,000 रुपये का किराया आता था। रिश्तेदारों ने बताया कि मल्लेश्वरी अपने बेटे राजू के साथ रहती थीं और किराये की आय उसे ही दे देती थीं। इस बात से उनका बड़ा बेटा श्रीनिवास नाराज था। वह चाहता था कि संपत्ति और उससे होने वाली आय को उसके, राजू और एक अन्य भाई रमेश के बीच बराबर-बराबर बांटा जाए।

चाकू गोदकर मां और भाई की हत्या की

डीसीपी कानन देसाई ने कहा, "संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिछले दो सालों से विवाद चल रहा था और इसे सुलझाने के लिए कई बैठकें भी हुई थीं। मल्लेश्वरी ने फिलहाल संपत्ति न बांटने का फैसला किया था और तय किया था कि किराये की आय उस छोटे बेटे को दी जाएगी, जिसके साथ वह रह रही थीं।" DCP ने बताया कि इस व्यवस्था से नाराज होकर श्रीनिवास रविवार सुबह घर पहुंचा और कथित तौर पर अपनी मां और छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और श्रीनिवास से पूछताछ की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज