1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 18, 2026 11:41 am IST,  Updated : Oct 18, 2026 11:42 am IST

ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक महिला के भाई ने पुलिस ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर मृतक व्यक्ति की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज।- India TV Hindi
मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज। Image Source : REPORTER INPUT

गौतम बुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक घटना से पहले उन्होंने नूडल्स खाए थे। मृतको में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं घटना के बाद कोई इन्हें हत्या को कोई आत्महत्या बता रहा है। हालांकि अब इस मामले में नया मोड़ भी सामने आया है। दरअसल, मृतक महिला के भाई ने पुलिस में तहरीर दी है, जिसके आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें मृतक की दो बहनों और बहनोई को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि मृतकों की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए इन तीनों लोगों ने साजिश रची। आरोप है कि इस घटना में मृतक की मां भी शामिल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो बहनों और बहनोई पर आरोप

दरअसल, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन पर मुकदमा किया गया है। मृतक महिला ललिता के भाई आकाश की तहरीर के आधार पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक आकाश जैतपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने मृतक महेश की दो बहनों और बहनोई पर मां को भड़काकर अपनी बहन और जीजा की संपत्ति अपने नाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने महेश और उसकी पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है।

पुलिस की टीम जांच में जुटी

मृतक महिला के भाई आकाश ने तो यह तक आरोप लगाया कि उन्हें शक है कि नूडल्स में जहरीला पदार्थ मिलाकर मां के द्वारा या बहनों के द्वारा ही मेरे जीजा और बहन और बच्चों को दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में पुलिस की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल ललिता के घर पर गम का माहौल है। एक ही झटके में परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। (इनपुट- राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने 7 लोगों को रौंदा, तीन की मौत, चार लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।