1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार का किया ऐलान, भीखाभाई रबारी को दिया टिकट

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार का किया ऐलान, भीखाभाई रबारी को दिया टिकट

मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भीखाभाई रबारी का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार सतीश गोविंदभाई पटेल से होगा।

Congress- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस

नई दिल्ली: गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी द्वारा इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। पार्टी ने भीखाभाई रबारी को आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है।

केसी वेणुगोपाल ने जारी की चिट्ठी

कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात विधानसभा की 145-मंजलपुर सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर भीखाभाई रबारी की उम्मीदवारी को मंज़ूरी दे दी है। भीखाभाई रबारी के नाम के ऐलान के साथ ही इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। भीखाभाई रबारी का मुकाबला बीजेपी के सतीश गोविंदभाई पटेल से होगा।

बीजेपी ने सतीश गोविंदभाई पटेल को दिया है टिकट

बीजेपी ने शुक्रवार को पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को मांजलपुर विधानसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया था। सतीश पटेल पहले कई बार वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) के पार्षद के रूप में चुने गये थे और उन्होंने इस नगर निकाय की प्रभावशाली स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था। वह पूर्व में भाजपा के वडोदरा जिला अध्यक्ष रहे चुके हैं। 

Image Source : Reporter Inputकांग्रेस प्रेस विज्ञप्ति

कब होगा मतदान?

बता दें कि चुनाव आयोग ने दो जुलाई को घोषणा की थी कि मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव 30 जुलाई को होगा और मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। बीजेपी के मौजूदा विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद यह उपचुनाव कराना पड़ रहा है। आठ बार विधायक रहे पटेल (79) का लंबी बीमारी के बाद दो जून को वडोदरा में निधन हो गया था। 

सतीश पटेल ने शीर्ष नेतृत्व को दिया धन्यवाद

सतीश पटेल ने उन पर विश्वास जताने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय और गुजरात नेतृत्व का धन्यवाद किया। भाजपा द्वारा उनके नामांकन की घोषणा किये जाने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''मुझे पार्टी के प्रति 32 वर्षों की समर्पित सेवा के आधार पर टिकट मिला है। मैं इसे लेकर वास्तव में बहुत खुश हूं। आज मैंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, स्वामीनारायण मंदिर में आशीर्वाद लिया और योगेश काका (पटेल) द्वारा बनवाए गए मंदिर में पूजा-अर्चना की।'' 

ये भी पढ़ें:
मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया, कई बार VMC पार्षद रहे हैं