1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. जैन तीर्थ के लिए निकले थे 4 लोग, सूरत में खड़े डंपर से टकराई कार और मच गया कोहराम

जैन तीर्थ के लिए निकले थे 4 लोग, सूरत में खड़े डंपर से टकराई कार और मच गया कोहराम

गुजरात के सूरत में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में मुंबई से शंखेश्वर जैन तीर्थ जा रहे 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Surat Road Accident, Surat Car Accident, Bharatmala Expressway Accident- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL सूरत में हुए हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है।

Highlights

  • सूरत में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर से कार टकराई, 4 लोगों की मौके पर मौत हुई।
  • मुंबई से चारों लोग गुजरात के शंखेश्वर जैन तीर्थ स्थल जाने के लिए निकले थे।
  • पुलिस के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी, हादसे की जांच फिलहाल जारी है।

सूरत: गुजरात के सूरत जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मुंबई के 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा भारतमाला एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मुंबई से गुजरात जा रहे थे चारों लोग

पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कामरेज तालुका के धातवा गांव के पास हुआ। कार मुंबई से दिल्ली की ओर भारतमाला एक्सप्रेसवे पर जा रही थी। कार में सवार चारों लोग मुंबई के रहने वाले थे और गुजरात के पाटन जिले स्थित शंखेश्वर जैन तीर्थ स्थल जा रहे थे। कामरेज पुलिस थाने के निरीक्षक आरबी गोजिया ने बताया कि महाराष्ट्र नंबर की यह कार एक्सप्रेसवे की पांचवीं लेन में खड़े डंपर से टकरा गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज होने की बात कही जा रही है।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर हुई मौत

पुलिस अधिकारी के अनुसार, कार और डंपर के बीच टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे में कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजीव जैन, जयंती दोशी, प्रवीण जैन और संजय खेमचंद के रूप में हुई है। चारों की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में शामिल राजीव जैन मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे और मुंबई में उनकी ज्वेलरी की दुकान थी।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में कार के डंपर से टकराने की परिस्थितियों और सड़क पर खड़े डंपर से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। बता दें कि हाल ही में गुजरात के वडोदरा से एक खबर आई थी, जिसमें सड़क पार कर रही मां-बेटियों को बाइक ने रौंद दिया था। इस हादसे में 6 साल की बच्ची की मौत हो गई थी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: गुजरात के वलसाड में नदी में पलट गई नाव, 15 महीने का बच्चा डूबा, दुर्घटना का वीडियो आया सामने