सूरत के सारोली के कुंभारिया क्षेत्र में स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की आधी रात लगी भीषण आग के मामले में सूरत क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज 10 हजार रुपये के बकाया वेतन को लेकर नाराजगी में मार्केट में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि अलग-अलग दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया और करीब 24 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान का अनुमान सामने आया।
10 हजार नहीं मिले तो पूरे मार्केट में लगा दी आग
क्राइम ब्रांच की टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और डिंडोली के फ्लावर गार्डन के पास से आरोपी विनोद पंडित सावले (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट की दुकान नंबर 639 में स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के रूप में नौकरी शुरू की थी। उसे 30 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था। अकाउंट का काम करने के दौरान सुमितभाई और मालिक हनुमान द्वारकाप्रसाद जवेर उसे काम नहीं आने की बात कहकर परेशान करते थे। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी।
Image Source : reporter inputआरोपी विनोद पंडित सावले गिरफ्तार।
'10 हजार की कीमत क्या होती है ये दिखा दूंगा'
आरोपी ने बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद उसका करीब 10 हजार रुपये वेतन बकाया था। बार-बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से वह नाराज हो गया। सेठ को सबक सिखाने और 10 हजार की कीमत क्या होती है, ये दिखाने के लिए उसने इस भयानक अग्निकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की करवाई शुरू की है।
Image Source : reporter inputचौथी-पांचवीं मंजिल पर धधकीं दुकानें।
रात में चुपके से पहुंचा, कपड़ों पर पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग
सूरत ज्वाइंट सीपी कर्णराज सिंह वाघेला ने बताया कि आरोपी विनोद पेट्रोल की बोतल लेकर मार्केट पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि विनोद ने मालिक को सबक सिखाने के लिए मार्केट में आग लगाने का फैसला किया। उसने पहले देवध गांव के इंडियन पेट्रोल पंप से करीब 150 रुपये का पेट्रोल प्लास्टिक की बोतल में खरीदा और उसे अपने बैग में रख लिया। 8 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह श्याम संगिनी मार्केट पहुंचा। पांचवीं मंजिल की सीढ़ियों पर बैठकर उसने देर रात तक मार्केट के पूरी तरह खाली होने का इंतजार किया।
रात करीब साढ़े 12 बजे जब मार्केट सुनसान हो गया तो उसने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली और दुकान के बाहर रखे कपड़े के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी।
CCTV में कैद हुआ पूरा खेल-
खाटूश्याम मंदिर चला गया था आरोपी
आग लगाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अगले दिन सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर आग की खबर देखने के बाद उसे पता चला कि उसकी करतूत से भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया और राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर व अयोध्या चला गया।
वहीं, आपको बता दें कि गुजरात के सोमनाथ मंदिर और अहमदाबाद BJP के कार्यालय को आज बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
(रिपोर्ट: शैलेष चांपानेरिया)
यह भी पढ़ें-
कमरा सजाया, पूजा की, चॉकलेट रखी... फिर फ्रिज में छिपा दी बेटी की लाश; पिता के सुसाइड नोट से खुला राज
CM ऑफिस-सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले दो गिरफ्तार, 5 लाख से ज्यादा ई-मेल आईडी बनाकर बेच चुके थे