A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. ख्याति अस्पताल स्कैम केस में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सरकारी पैसा उठाने के लिए बेवजह लोगों की कर दी थी एंजियोप्लास्टी

ख्याति अस्पताल स्कैम केस में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सरकारी पैसा उठाने के लिए बेवजह लोगों की कर दी थी एंजियोप्लास्टी

इस मामले की जांच में अस्पताल के खिलाफ 12 नवंबर को मेडिकल बोर्ड ने जांच करने पर पाया था कि जरूरी नहीं होने के बावजूद आयुष्मान भारत योजना के तहत पैसों की लालच में ख्याति अस्पताल द्वारा एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की गई थी। जिससे दो लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस गिरफ्त में अस्पताल का अध्यक्ष कार्तिक पटेल- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पुलिस गिरफ्त में अस्पताल का अध्यक्ष कार्तिक पटेल

प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत सरकारी पैसों के लिए लोगों की बेवजह एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी करने के मामले में ख्याति अस्पताल के अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के निरीक्षक वीबी आल ने बताया कि ‘ख्याति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल’ के अध्यक्ष कार्तिक पटेल को शुक्रवार देर रात अहमदाबाद हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। उस वक्त वह दुबई से लौटा था।

पैसों की लालच में ले ली थी दो लोगों की जान

मालूम हो कि ख्याति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में पिछले साल 11 नवंबर को सात लोगों की एंजियोप्लास्टी की गई थी, जिसके बाद उनमें से दो की मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन वस्त्रपुर पुलिस ने तीन रिपोर्ट दर्ज की थीं। कार्तिक पटेल की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस मामले में सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मार्केटिंग निदेशक भी शामिल हैं। 

लोगों को पकड़कर बेवजह कर दी गई थी एंजियोप्लास्टी 

बता दें कि, ‘एंजियोप्लास्टी’ हृदय में रक्त के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए अवरुद्ध या संकुचित कोरोनरी धमनियों को चौड़ा करने की एक प्रक्रिया है। जांच में यह बात सामने आई कि अस्पताल ने गांवों में मुफ्त जांच शिविर आयोजित किए और PMJAY कार्डधारकों को एंजियोप्लास्टी करवाने के लिए कहा जबकि उन्हें इसकी कोई जरूरत नहीं थी। जांच के अनुसार सरकारी मंजूरी मिलने के लिए इन लोगों को ‘‘आपातकालीन’’ श्रेणी में दिखाया गया। अस्पताल ने बाद में केंद्रीय योजना के तहत भुगतान का दावा किया।

मामले के सभी आरोपी अब जेल में

क्राइम ब्रांच ने अस्पताल की निदेशकों में से एक राजश्री कोठारी को पिछले साल के दिसंबर में उस वक्त गिरफ्तार किया था जब वह राजस्थान के कोटा से भीलवाड़ा जा रही थीं। पुलिस के अनुसार अस्पताल ने प्रथम दृष्टया पिछले साल PMJAY के तहत 11 करोड़ रुपये प्राप्त किए थे। इस मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत वजीरानी, ​​अस्पताल के सीईओ राहुल जैन, विपणन निदेशक चिराग राजपूत, विपणन कार्यकारी मिलिंद पटेल और उनके दो सहायक पंकिल पटेल और प्रतीक भट्ट तथा निदेशक राजश्री कोठारी और संजय पटोलिया शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:

गोधरा में लोग उत्तरायण का त्यौहार मनाने में मशगूल रहे, इधर घरों पर चोरों ने बोला धावा, देखें वीडियो

अमित शाह ने अहमदाबाद में की पतंगबाजी, सीएम भी रहे मौजूद; जमकर उठाया लुत्फ