1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. थाने की छत पर चढ़ी महिला, देने लगी सुसाइड की धमकी, बचाने गई पुलिसकर्मी को भी घायल किया

थाने की छत पर चढ़ी महिला, देने लगी सुसाइड की धमकी, बचाने गई पुलिसकर्मी को भी घायल किया

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पुलिस स्टेशन की छत के ऊपर चढ़ी हुई है और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही है। वहीं, अन्य लोग उसे समझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।

Police station Suicide- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस स्टेशन की छत पर चढ़ी महिला

गुजरात के कच्छ से एक पुलिस स्टेशन का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला स्टेशन की छत पर खड़ी होकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही है। हालांकि, गनीमत रही कि महिला आत्महत्या के प्रयास में सफल नहीं हुई और उसे सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया। आरोपी महिला ने पुलिस थाने के अंदर जमकर हंगामा किया। इस दौरान एक प्रिंटर भी तोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस ने महिला को पकड़ लिया और नियमों के अनुसार कार्रवाई की।

घटना रापर के गागोदर पुलिस थाने की है, जहां एक महिला द्वारा हंगामा किए जाने से पुलिस स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। महिला पुलिस थाने की छत पर चढ़ गई और नीचे कूदने की धमकी देने लगी, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। 

बयान दर्ज कराने से नाराज थी महिला

जानकारी के अनुसार, रायमलवांढ-कानमेर में रहने वाली बागीबेन नागजी कोली तथा नागजी छगन कोली को सुबह आवेदन के संबंध में बयान देने और हिरासत संबंधी कार्रवाई के लिए पुलिस थाने बुलाया गया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों अपने घर चले गए थे। इसके बाद शाम को दोनों दोबारा पुलिस थाने पहुंचे और “हमारी ही हिरासत क्यों ली जाती है..?” जैसे आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताकर हंगामा शुरू कर दिया।

थाने का प्रिंटर तोड़ा

इसी दौरान महिला क्राइम राइटर रूम में घुस गई और टेबल पर रखा कंप्यूटर का प्रिंटर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसके बाद महिला पुलिस थाने की छत पर चढ़ गई और पास आने वाले लोगों को धमकी देते हुए कहा कि यदि कोई उसके करीब आया तो वह नीचे कूद जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी छत पर पहुंचे और महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।

महिला पुलिसकर्मी घायल

नीचे उतरते समय महिला ने अचानक बल प्रयोग करते हुए महिला पुलिसकर्मी इंदिराबेन को सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। इस घटना में महिला पुलिसकर्मी को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम के बाद सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मी के साथ बल प्रयोग करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न मामलों को लेकर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गागोदर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है।

(कच्छ से नीतेश गोर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 49 लाख से ज्यादा का सोना पकड़ा गया, 4 यात्री हिरासत में

10वीं पास फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, 15 साल से बिना मेडिकल डिग्री चला रहा था क्लीनिक, मरीजों का कर रहा था इलाज