फरीदाबाद: डिफेंडर कार को सुरक्षा के नजरिए से बहुत मजबूत कार माना जाता है। इसकी कीमत भी करोड़ों रुपए में है लेकिन हरियाणा के फरीदाबाद में इस कार का जो एक्सीडेंट हुआ, उसमें कार के परखच्चे उड़ गए और इसे ड्राइव कर रहे 24 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना से युवक के परिजनों में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, युवक इस कार से अपनी पत्नी को पिक करने के लिए जा रहा था। मृतक युवक की पहचान मयंक भड़ाना के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके में स्थित अनंगपुर गांव के निवासी थे। उनकी शादी डेढ़ साल पहले गुरुग्राम के गांव ओलावास की एक लड़की के साथ हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
फरीदाबाद में सूरजकुंज-पाली रोड पर एक तेज रफ्तार डिफेंडर गाड़ी ने सड़क किराने खड़े डंपर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि न केवल डिफेंडर के परखच्चे उड़ गए बल्कि जिस डंपर में पीछे से टक्कर हुई उसका टायर फट गया और कमानी और बॉडी तक टूट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिफेंडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बीके भिजवा दिया है।
मृतक मयंक भड़ाना फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके में स्थित गांव अनंगपुर गांव का रहने वाला था। वह अपनी डिफेंडर गाड़ी में सवार होकर घर से निकाला था। जानकारी के मुताबिक, मयंक भड़ाना परिवार का इकलौता वारिस था, जिसकी एक छोटी बहन भी है।
मयंक भड़ाना की लगभग डेढ़ साल पहले गुरुग्राम के गांव ओलावास की लड़की से शादी हुई थी। मयंक अपनी पत्नी को ही लेने जा रहा था कि अचानक से तेज स्पीड होने के चलते वह अपनी डिफेंडर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क के किनारे खड़े एक डंपर से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डिफेंडर गाड़ी, डंपर के भीतर घुस गई, जिसके चलते गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, जिसका एयरबैग खुल गया और फट गया। इस हादसे में न केवल डिफेंडर के परखच्चे उड़े बल्कि डंपर का टायर फट गया और ट्रक भी पीछे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
डिफेंडर चालक मयंक भड़ाना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने मयंक भड़ाना को गाड़ी से जैसे तैसे बाहर निकाला, उसके बाद परिवार उसे पास के ही निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में थाना सूरजकुंड प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि गांव अनंगपुर का रहने वाला मयंक भड़ाना अपनी डिफेंडर गाड़ी से गुरुग्राम की ओर जा रहा था कि तभी सड़क किनारे खड़े एक डंपर में तेज स्पीड होने के चलते टक्कर हो गई। इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।(इनपुट: नरेंद्र शर्मा)
ये भी पढ़ें:
मध्य-पूर्व में तबाही के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- 'ईरान को परमाणु हथियार मिले तो वह तुरंत इस्तेमाल करेगा'
27 मार्च को होगा JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव, जानें किसे मिल सकती है जिम्मेदारी