पटना: एक तरफ नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों को लेकर सियासत में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कार्यक्रम की तारीखें भी सामने आ गई हैं।
जेडीयू ने अपने चल रहे सांगठनिक चुनाव कार्य के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 22 मार्च को नामांकन होगा, इसके बाद 23 मार्च को नामांकन की जांच की जाएगी। 24 मार्च को नामांकन वापसी की अंतिम तारीख है। एक से अधिक नामांकन होने पर 27 मार्च को चुनाव होंगे। यदि एक ही नामांकन हुआ तो नाम वापसी के दिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की विधिवत घोषणा कर दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार का फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय है। नीतीश कुमार इसके पहले 29 दिसंबर 2023 को राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।
हालही में नीतीश कुमार ने सहरसा में कहा था कि मैं बिहार से दूर नहीं जा रहा हूं, प्रदेश के लिए काम करता रहूंगा। नीतीश कुमार बीते दिनों इसलिए भी चर्चा में रहे क्योंकि उनके बेटे निशांत की भी सियासी जगत में एंट्री हो गई और संभावना है कि उन्हें कोई बड़ा पद दिया जाए।
नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर जेडीयू कार्यकर्ता हुए थे निराश
नीतीश कुमार ने जब राज्यसभा जाने का फैसला किया था तो जेडीयू कार्यकर्ता बहुत निराश हुए थे और उनके प्रदर्शन की भी खबरें सामने आई थीं। हालांकि नीतीश ये फैसला क्यों किया, इसके पीछे की कोई साफ वजह सामने नहीं आ पाई थी। अब तक इस बात पर सस्पेंस है कि राज्य का सीएम पद छोड़कर नीतीश कुमार राज्यसभा क्यों जा रहे हैं?
इस बीच जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव भी होना है। जानकार मानते हैं कि इस बात की संभावना है कि ये पद नीतीश को ही दिया जाए क्योंकि उनके हाथ से राज्य के सीएम का पद जाने वाला है, ऐसे में पार्टी के मुख्य नेता का पद उन्हें दिया जा सकता है। फिलहाल आने वाले समय में बिहार की राजनीति में क्या परिवर्तन देखने को मिलेगा, ये तो वक्त ही बताएगा।
संपादक की पसंद