A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में मॉल के बाहर SUV खड़ी कर शॉपिंग करने गया युवक, वापस आया तो ईंटों पर टिकी मिली कार, चारों टायर चोरी

गुरुग्राम में मॉल के बाहर SUV खड़ी कर शॉपिंग करने गया युवक, वापस आया तो ईंटों पर टिकी मिली कार, चारों टायर चोरी

गुरुग्राम शहर में व्यस्त इलाके सेक्टर-37 स्थित एस्पलेनैड मॉल के बाहर एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। इसमें चोरों ने कार तो नहीं चोरी की लेकिन उसके चारों टायर खोलकर ले उड़े।

चोरों ने एसयूवी के...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चोरों ने एसयूवी के चारों टायर चोरी कर लिए।

साइबर सिटी गुरुग्राम में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बड़ी वारदातों को अंजाम देने से नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर-37 के एस्पलेनैड मॉल के बाहर का है, जहां शातिर चोरों ने एक आलीशान महिंद्रा SUV को अपना निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने महज कुछ ही मिनटों में गाड़ी के चारों टायर गायब कर दिए और गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर रफूचक्कर हो गए।

चारों महंगे टायर और अलॉय व्हील्स गायब

पीड़ित कार मालिक के अनुसार, वह कुछ देर के लिए अपनी महिंद्रा SUV को मॉल के बाहर खड़ी कर अंदर शॉपिंग करने गया था। जब वह वापस लौटा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी चमचमाती SUV जमीन पर नहीं, बल्कि चंद ईंटों पर टिकी हुई थी और उसके चारों महंगे टायर और अलॉय व्हील्स गायब थे।

क्रेन से कार को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया

उसने तुरंत पुलिस को कॉल की। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। इसके बाद कार को क्रेन की मदद से सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। गाड़ी के मालिक ने पुलिस से जल्द से जल्द टायर बरामद करने और दोषियों को पकड़ने की अपील की है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के हुलिए और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान की जा सके। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द टायर बरामद कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।

(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)

यह भी पढ़ें-

पंजाब कांग्रेस नेता की मौत, ट्रक की टक्कर से Defender के उड़ गए परखच्चे, दिल्ली से लौटते समय हादसा