1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन हो गई मौत, जानें पूरा मामला

अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन हो गई मौत, जानें पूरा मामला

अंबाला, हरियाणा के अंबाला जिले के धनाउरा गांव में एक 4 साल का एक बच्चा बोरवेल में गिर गया। बचाव अभियान के बाद बच्चे को बाहर निकाल लिया गया लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया है।

haryana ambala borewell child- India TV Hindi
Image Source : ANI अंबाला में बोरवेल में गिरे बच्चे की मौत।

अंबाला:हरियाणा के अंबाला के गांव धनाउरा में 4 वर्षीय बच्चा खेलते खेलते लगभग 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। इस घटना की सूचना मिलते ही अंबाला प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही NDRF और आर्मी भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में लगी रही। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ रहा। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। लंबे समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर तो निकाला गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित किया

अंबाला के गांव धनाउरा में बोरवेल में गिरे 4 साल के मासूम निरवैर को आखिरकार रात को लगभग 3:30 बजे बोरवेल से निकाल लिया गया और उसे तुरंत अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ऋषिपाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव धनोरा में बोरवेल में गिरे निरवैर के चाचा की माने तो आसपास के गांव के लोगों ने और जिला प्रशासन के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीमों ने पिछले 21 घंटे में निरवैर को बाहर निकलने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आखिरकार पंजाब से टीम को बुलाया गया जिसने निरवैर को बाहर निकाला।

NDRF ने क्या बताया?

NDRF के असिस्टेंट कमांडेंट अनिल कुमार ने बताया, "घटना सुबह 6 बजे हुई, हम सुबह 10:30 बजे यहां पहुंचे और ऑपरेशन शुरू किया। बच्चा बोरवेल में फंसा हुआ था, जो पानी से भरा था। बच्चा धीरे-धीरे नीचे जा रहा था। कई तरह की चुनौतियां थीं, 18-19 घंटे तक ऑपरेशन चला।" बच्चे की हालत के बारे में उन्होंने कहा, "हमें जिंदगी के साइन (संकेत) नहीं दिखे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि प्रशासन ही कर सकता है।"

डॉक्टर ने क्या बताया

सिटी हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर ऋषिपाल कहते हैं, "बच्चे को बचाए जाने के तुरंत बाद हमने उसकी जांच शुरू कर दी थी। जब हमने यहां अस्पताल में ECG किया, तो उसे 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल लाने पर मृत) घोषित कर दिया गया। बच्चे के शव को मुर्दाघर भेज दिया गया है। मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।" बता दें कि अंबाला जिले के धनाउरा गांव में उस बोरवेल को सील कर दिया गया, जिसमें 4 साल का बच्चा गिर गया था। (रिपोर्ट: कृष्ण बाली)

ये भी पढ़ें- दादा के लिए खाना लेकर खेत गया 4 साल का बच्चा, खेलते समय 220 फुट गहरे बोरवेल में गिरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी-VIDEO

हरियाणा में मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़ गई पालतू डॉग जिम्मी, जहर से हुई मौत, सामने आया VIDEO