हरियाणा में अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र के धनौरा गांव में मंगलवार को 4 साल एक लड़का 220 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया। 4 साल का मासूम अपने पिता के साथ दादा के लिए खाना लेकर खेत पहुंचा हुआ था। तभी वह खेलते समय बोरवेल में गिर गया। मासूम बच्चे को निकालने के कई एजेंसियों लगी हुई हैं। अधिकारियों ने कहा कि लड़के पर नजर रखने के लिए लगभग नौ इंच चौड़े बोरवेल में एक कैमरा डाला गया है। बचावकर्मी रस्सी की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पैर फिसलने के बाद बोरवेल में जा गिरा निर्भय
अधिकारियों ने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के जवान बचाव अभियान के लिए मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 8 घंटे से ज्यादा समय से बचाव अभियान चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब धनौरा निवासी निर्भय अपने पिता के साथ खेत में अपने दादा के लिए खाना लेकर गया था। खेलते समय निर्भय का पैर फिसल गया और वह खुले बोरवेल में जा गिरा।
सूचना मिलते ही उपायुक्त (DC) अजय सिंह तोमर अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि एनडीआरफ, एसडीआरएफ और सेना की टीम द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया है।
बोरवेल की चौड़ाई लगभग 9 इंच
जिला उपायुक्त तोमर ने कहा कि यह घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। बोरवेल की चौड़ाई लगभग 9 इंच है। तोमर ने कहा कि एनडीआरएफ विशेष उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद है और मदद के लिए सेना से भी अनुरोध किया गया है। बचाव अभियान जारी है।
पिता के साथ जिद में खेत गया बच्चा
निर्भय के दादा करनैल सिंह सुबह-सुबह खेत में काम करने चले गए थे। बाद में निर्भय के पिता मनजीत उनके लिए खाना लेकर खेत पहुंचे। निर्भय ने भी अपने पिता के साथ जाने की जिद की, जिस पर वह उसे अपने साथ ले गए। खेत पहुंचने के बाद मनजीत काम में लग गए और करनैल सिंह खाना खाने लगे। निर्भय पहले अपने दादा के पास बैठा रहा, लेकिन कुछ देर बाद खेलने लगा। खेलते-खेलते उसकी नजर खुले बोरवेल पर पड़ी और वह उसमें मिट्टी डालने लगा। बोरवेल के आसपास की गीली मिट्टी के कारण नीचे झांकते समय उसका पैर फिसल गया और वह बोरवेल में गिर गया।
मौके पर प्रशासन की टीम भी मौजूद
मनजीत ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनकर उनका ध्यान उधर गया। वे तुरंत बोरवेल के पास पहुंचे और निर्भय को आवाज लगाई। शुरुआत में निर्भय के पिता, दादा और आसपास के ग्रामीणों ने अपने स्तर पर उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। प्रशासन के आलाअधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
कृष्णा बाली की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
हरियाणा का पहला फ्री-फ्लो टोल शुरू, बस्ताड़ा में MLFF सिस्टम लागू; अब बिना रुके कटेगा टोल टैक्स