हरियाणा के झज्जर जिले के इज्जर क्षेत्र के गांव बरानी में होली के दिन एक बच्चे को किडनैप कर लिया गया। 8 वर्षीय बच्चे का फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया। हालांकि, झज्जर पुलिस ने देर शाम बच्चे को रोहतक क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव बरानी निवासी बीडीएम नर्सिंग स्कूल के संचालक अमरजीत फोगाट का 8 वर्षीय बेटा हुनरजीत गांव के मेन चौक के पास अन्य बच्चों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान करीब सुबह 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसे सफेद रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गया।
लोगों ने गाड़ी रोकने की कोशिश की
परिजनों का आरोप है कि गाड़ी में आए बदमाश बच्चे को जबरन साथ ले गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो गाड़ी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इज्जर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी।
पुलिस ने बच्चे को किया बरामद
पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान गांव की गलियों से गुजरती एक सफेद स्कॉर्पियो का वीडियो भी सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन की तलाश तेज कर दी। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने देर शाम रोहतक क्षेत्र से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल, किसी तरह की फिरौती कॉल की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं, इस मामले को लेकर झज्जर पुलिस के डीसीपी अमित दहिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
(रिपोर्ट- सुनील कुमार)
ये भी पढ़ें-
'होली मिलन' के बहाने घर में घुसे बदमाश, कारोबारी दंपति को बनाया बंधक, लाखों के जेवर-कैश ले उड़े
बिहार में पहली बार बीजेपी का बनेगा का मुख्यमंत्री! जानिए CM की रेस में किसका नाम सबसे आगे?