A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. महाभारत अनुभव केंद्र में भीषण आग, एक-एक कर फटीं 100 से ज्यादा बैटरी, 3 एसी भी जलकर खाक

महाभारत अनुभव केंद्र में भीषण आग, एक-एक कर फटीं 100 से ज्यादा बैटरी, 3 एसी भी जलकर खाक

तहखाने में 100 से ज्यादा बैटरी रखी हुई थीं। आग लगने के बाद बैटरियां एक-एक कर फटने लगी। तीन एसी भी जल गए। दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

Mahabharat experience centre- India TV Hindi
Image Source : MAHABHARATANUBHAVKENDRA महाभारत अनुभव केंद्र

हरियाणा में कुरुक्षेत्र में महाभारत अनुभव केंद्र में रविवार दोपहर आग लग गई। ज्योतिसर में स्थित इस केंद्र में तहखाने में रखीं 100 से ज्यादा बैटरियां एक-एक कर फट गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया और इसे ऊपरी हिस्से में नहीं फैलने दिया।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने बताया कि आग बी-ब्लॉक के तहखाने में लगी थी। यहां सौर ऊर्जा पैनल से जुड़ी लगभग 100 बैटरियां रखी हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। 

100 से ज्यादा बैटरी जलकर खाक

केंद्र के वरिष्ठ प्रभारी राजेश भंडारी ने बताया कि बिजली के ज्यादातर तार एवं अन्य उपकरण जल गए, जिससे केंद्र में भारी धुआं फैल गया और आग लग गई। बैटरी में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और आसपास की चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि आग केंद्र के ऊपरी मुख्य भाग तक नहीं फैली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले बेसमेंट से धुआं निकला। इसके बाद कुछ ही मिनटों में आग और भी भयंकर हो गई। बेसमेंट में रखी 100 से अधिक बैटरियां आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। वहां लगे तीन एयर कंडीशनर भी नष्ट हो गए। जैसे-जैसे बैटरियों में आग लगती रही, भूतल से बार-बार विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं, जिससे आसपास के निवासियों और आगंतुकों में दहशत फैल गई। 

206 करोड़ की लागत से बना है आधुनिक केंद्र

अधिकारियों ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। महाभारत अनुभव केंद्र कुरुक्षेत्र में स्थित एक अत्याधुनिक अनुभव केंद्र है, जहां विभिन्न स्थापनाओं के माध्यम से महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है और इसकी सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाया गया है। लगभग 206 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस केंद्र को आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत के इतिहास और भगवद गीता की शिक्षाओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। नवंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान कृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में निर्मित 'पांचजन्य' का उद्घाटन किया था। फरवरी 2024 में रेवाड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने डिजिटल माध्यम से यहां के 'अनुभव केंद्र' का उद्घाटन किया था।

यह भी पढ़ें-

बकरीद से पहले कथित गोमांस मिलने से हड़कंप, 2 संदिग्ध फरार, पुलिस ने लैब भेजे सैंपल

गुरुग्राम में बड़ा बिजली संकट, ट्रांसफार्मर जलने से 7 बिजली घर ठप, मेट्रो भी रुकी