A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बम की तरह फटी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी, आग में जिंदा जला शख्स; पत्नी-बच्चे दूसरे कमरे में होने से बचे

बम की तरह फटी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी, आग में जिंदा जला शख्स; पत्नी-बच्चे दूसरे कमरे में होने से बचे

शिव कुमार सोते समय रोजाना स्कूटी को चार्जिंग में लगाता था। बीती रात को अचानक धमाके के साथ बैटरी फटने से यह हादसा हो गया। उसने यह स्कूटी करीब 1 साल पहले नसीबपुर में बने एक शोरूम से खरीदी थी।

स्कूटी में हुए...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्कूटी में हुए ब्लास्ट के बाद का दृश्य, दूसरी तस्वीर मृतक शिव कुमार की है।

हरियाणा के नारनौल में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में चार्ज करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। विस्फोट के दौरान घर में और लोग भी मौजूद थे गनीमत रही कि वो दूसरे कमरे में होने के चलते बच गए। लेकिन आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।

स्कूटी चार्जिंग में लगाकर सो रहा था

गांव बड़कोदा का 55 वर्षीय शिव कुमार नारनौल की रामनगर कॉलोनी में मकान बनाकर रहता था। उसके 2 बेटियां और एक बेटा है, तीनों शादीशुदा हैं। एक लड़की ग्रुप डी में सरकारी जॉब लगी हुई है। शिव कुमार सोमवार रात के समय अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग में लगाकर घर पर एक कमरे में अकेला सो रहा था। रात करीब साढ़े 9 बजे चार्जिंग में लगी स्कूटी की बैटरी फट गई। इससे जोरदार धमाके के साथ घर में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोस के लोगों जाग गए और वहां पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही तुरंत एम्बुलेंस, पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। कमरे से शिव कुमार को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मजदूरी करता था शिव कुमार

मृतक शिव कुमार बावरिया समाज से था। वह गांव बड़कोदा से कई साल पूर्व नारनौल आ गया था और यहां पर मजदूरी करता था। रात को वह कमरे में अकेला ही सो रहा था। पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। सोते समय वह रोजाना स्कूटी को चार्जिंग में लगाता था। बीती रात को अचानक धमाके के साथ बैटरी फटने से यह हादसा हो गया।

1 साल पहले खरीदी थी स्कूटी

शिव कुमार ने यह स्कूटी करीब एक साल पहले नसीबपुर में बने एक शोरूम से खरीदी थी। स्कूटी लाल रंग की थी और उस पर टॉक्समो राइनो प्लस लिखा हुआ है। कंपनी का नाम टॉक्समो है तथा उसका मॉडल राइनो प्लस था। इस स्कूटी की खासियत यह है कि इसके चलाने के लिए आरटीए से रजिस्ट्रेशन कराने और इसको चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। यह 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज नहीं चल सकती।

घर में किवाड़, बैड, सोफा सब जल गया

स्कूटी में ब्लास्ट हो जाने के बाद घर में लगी आग के कारण घर का भी काफी सामान जल गया। आग लगने से घर में लगा फर्नीचर, किवाड़ के अलावा बैड, सोफा तथा अन्य सामान भी जल गया। दमकल कर्मियों ने बताया कि उन्होंने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया तथा मृतक को कमरे से बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें-

मुजफ्फरनगर: तीन मंजिला मकान में सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 3 की जिंदा जलकर मौत, सामने आया भयावह VIDEO

नेशनल हाईवे पर सिलेंडर से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर खुद झुलसा लेकिन बचा ली कइयों की जान, देखें Video