हरियाणा के नूंह जिले में सांप को पीटकर मारने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरीदाबाद के वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार को मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति लाठी से सांप को पीट रहा था और पास ही खड़ा दूसरा व्यक्ति कुल्हाड़ी लिए हुए था।
पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो पिंगावां पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले खोरी शाहचोखा गांव के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर ने कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, क्योंकि सांप 'वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट' (वन्यजीव संरक्षण अधिनियम) के तहत संरक्षित हैं और उन्हें मारना गैर-कानूनी है। शिकायत के आधार पर, पिंगावां पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 'वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट' के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सांप ने डस लिया, जगाए रखने के लिए भाई ने जड़े 150 थप्पड़
वहीं, उत्तर प्रदेश के हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के टिकार गांव में मंगलवार देर रात दुकान बंद करते समय 35 वर्षीय अभय सिंह उर्फ रामू को काउंटर के नीचे बैठे सांप ने पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद अभय को तेज नींद आने लगी। परिजन उन्हें सीएचसी हरपालपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 10 एंटी वेनम इंजेक्शन दिए। हालत में सुधार न होने पर उन्हें रात करीब 10:30 बजे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया। यहां डॉक्टर शाबान अहमद की टीम ने इलाज शुरू किया और 10 और एंटी वेनम इंजेक्शन लगाए। इस तरह कुल 20 एंटी वेनम इंजेक्शन दिए गए।
इलाज के दौरान अभय बार-बार बेहोशी की हालत में जा रहे थे। डॉक्टरों ने परिजनों से उन्हें सोने न देने और लगातार होश में रखने की कोशिश करने को कहा। इसके बाद उनके छोटे भाई रमन और अनिरुद्ध करीब एक घंटे तक उन्हें जगाते रहे। परिवार के मुताबिक, दोनों ने अभय को 150 से ज्यादा थप्पड़ मारे, ताकि वह सो न जाएं। करीब तीन घंटे की निगरानी और इलाज के बाद अभय की हालत में सुधार हुआ और उन्हें होश आ गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज हरदोई में जारी है।
ये भी पढ़ें-
पटना के इस स्कूल में 80 बच्चों के लिए महज 2 कमरे, एक साथ चलती हैं तीन-तीन कक्षाएं; तो कहीं खाली पड़े क्लासरूम
TMC दफ्तर में लाठी-डंडों के साथ घुसे लोग, अनुब्रत मंडल पर भी हमला; VIDEO में देखें तोड़फोड़