A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. इधर बारात-उधर पुलिस पहुंची, नाबालिग होने के शक में दुल्हन से करने लगी पूछताछ, अब पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

इधर बारात-उधर पुलिस पहुंची, नाबालिग होने के शक में दुल्हन से करने लगी पूछताछ, अब पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

यमुनानगर में एक शादी समारोह के दौरान पुलिस पहुंचकर दुल्हन से पूछताछ करने लगी। लड़की के परिजनों ने पूछा तो पुलिस ने बताया कि उनके पास शिकायत है कि यहां पर नाबालिग लड़की की शादी हो रही है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

हरियाणा के यमुनानगर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव  कोटड़ा खास में एक विवाह समारोह के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब अचानक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। विनोद कुमार की बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं और बारात भी पहुंच चुकी थी। सभी लोग शादी की खुशियों में मग्न थे और रिबन काटने की रस्म होने वाली थी, तभी फिल्मी अंदाज में पुलिस ने एंट्री ली। घरवालों से बिना बात किए लड़की से पूछताछ करने लगे। इसके बाद लड़की के परिजनों ने पूछा तो पुलिस ने बताया कि उनके पास शिकायत है कि यहां पर नाबालिग लड़की की शादी हो रही है।

पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप

लड़की के फूफा अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने बिना किसी पूर्व सूचना के घर में प्रवेश किया और किसी भी स्थानीय प्रतिनिधि से संपर्क किए बिना सीधे तलाशी शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाई। अशोक कुमार का कहना था कि यदि पुलिस को किसी प्रकार की शिकायत मिली थी तो उसे पहले गांव के सरपंच, नंबरदार या वार्ड के पंच से संपर्क करना चाहिए था। ऐसा करने से मामला शांति से सुलझ सकता था और विवाह समारोह में व्यवधान भी नहीं आता।

परिजनों ने यह भी बताया कि पुलिस ने सही तरीके से बात नहीं की और अचानक छानबीन शुरू कर दी, जिससे घर की महिलाओं और बुजुर्गों को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। परिजनों ने कहा कि लड़की की विदाई के बाद वे समाज के लोगों के साथ मिलकर इस पूरे मामले को लेकर एसएचओ बिलासपुर से मिलेंगे और अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।

लड़की के पिता ने दिखाए दस्तावेज

इस मामले पर जब एसएचओ बिलासपुर कुलदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शादी के दौरान लड़की नाबालिग है। इसी सूचना के आधार पर एक महिला पुलिस कर्मचारी के साथ पुलिस टीम गांव कोटड़ा खास पहुंची। वहां लड़की के पिता से बातचीत कर दस्तावेज मांगे गए। जांच के दौरान लड़की का आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र दिखाए गए, जिनमें यह स्पष्ट हुआ कि लड़की बालिग है।

एसएचओ कुलदीप सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया कि पुलिस जबरदस्ती घर में घुसी या किसी के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सिर्फ अपनी ड्यूटी निभाई और कानून के अनुसार कार्रवाई की। उनका कहना था कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर जांच करना पुलिस का कर्तव्य होता है और उन्होंने वही किया। अब देखना यह है कि शादी के बाद परिजन पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर क्या रुख अपनाते हैं और यह मामला क्या मोड़ लेता है।

(रिपोर्ट- कुलवंत सिंह)

ये भी पढ़ें-

वैज्ञानिकों ने बताई धरती की तबाही की तारीख? नई रिसर्च ने दुनिया को चौंकाया

शादी के मंडप में मचा बवाल: नशे में धुत दूल्हा पहुंचा हवालात, गर्लफ्रेंड ने खोले राज