1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, शाहिद की मौत, थार में 2 गायों को लेकर जा रहे थे 3 बदमाश

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, शाहिद की मौत, थार में 2 गायों को लेकर जा रहे थे 3 बदमाश

मुठभेड़ के बाद मौके पर सोहना सदर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थार से गायों को अपने कब्जे में लेकर गौशाला में भेजा गया है।

सोहना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभे- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोहना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभे

हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना इलाके में सुबह-सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, थार गाड़ी में दो गायों को लेकर जा रहे तीन बदमाशों को नूंह क्राइम ब्रांच की टीम ने घेरने की कोशिश की। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया और उसकी मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से गायों को मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया है।

थार के रोकने में बदमाशों ने की फायरिंग

घटना सोहना के गांव भिवरावटी से सिलानी रोड पर गुरुग्राम-नूंह सीमा के पास की है। पुलिस के अनुसार, नूंह क्राइम ब्रांच को सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि शाहिद उर्फ आडवाणी अपने साथियों के साथ गायों की तस्करी के लिए निकलने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद फरीदाबाद नंबर की थार गाड़ी दिखाई दी, जिसमें तीन लोग सवार थे और डिग्गी में दो गाय रखी हुई थीं। पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने के लिए घेराबंदी की, लेकिन इसी दौरान बदमाशों की तरफ से फायरिंग की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साजिद को गोली लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दोनों आरोपी फरार हो गए।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के बाद मौके पर सोहना सदर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। वहीं, पशु चिकित्सक को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच के बाद थार गाड़ी में मिली दोनों गायों को मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।

शाहिद के खिलाफ 30 आपराधिक मामले थे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, शाहिद उर्फ आडवाणी लंबे समय से वांछित था और उसके खिलाफ करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उसका नाम एटीएम मशीन चोरी और लूट की वारदातों से जुड़े मामलों में भी आया था। साल 2018 में बिलासपुर क्राइम ब्रांच ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस दौरान घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस के अनुसार, इलाज के बाद पूछताछ के लिए रिमांड पर लिए जाने के दौरान वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। अब सोहना इलाके में हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

गोहित कौशिक की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

गुरुग्राम में तोड़फोड़ और सीलिंग पर सुप्रीम कोर्ट ने लगा दी रोक, बिल्डर कॉलोनियों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई रुकी