हरियाणा: साइबर अपराध और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का एक दिल दहला देने वाला मामला फरीदाबाद से सामने आया है, जहां ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 21 वर्षीय एक कॉलेज छात्र ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर मृतक और उसकी बहनों की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी थी।
AI की मदद से बहन के साथ तस्वीरें-वीडियो
मृतक की पहचान राहुल (21) के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद के DAV कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। जांच में सामने आया है कि कुछ साइबर अपराधियों ने पहले राहुल का मोबाइल हैक किया। इसके बाद, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI सॉफ्टवेयर की मदद से राहुल और उसकी बहनों की नग्न तस्वीरें और वीडियो बना लिए।
इन तस्वीरों और वीडियो को वॉट्सऐप चैट के जरिए राहुल को भेजा गया और उससे 20 हजार रुपये की मांग की गई। ब्लैकमेलर ने धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो ये सारी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे।
मानसिक तनाव से गुजर था छात्र
परिवार के अनुसार, ब्लैकमेलिंग शुरू होने के बाद पिछले करीब 15 दिनों से राहुल का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। वह न तो ठीक से खाना खा रहा था और न ही किसी से खुलकर बात कर रहा था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि राहुल इतने गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा है। शनिवार शाम करीब 7 बजे राहुल ने अपने कमरे में सल्फास की गोलियां खा लीं। आनन-फानन में घरवालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छठ मैया से मांगा था: राहुल की मां
राहुल की मौत से परिवार सदमे में है। राहुल की मां का दर्द बयान करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने छठी मैया से उसे मांगा था, लेकिन वो चला गया।"
ये भी पढ़ें-
UPSC अभ्यर्थी की मौत का सनसनीखेज खुलासा, लिव-इन पार्टनर ने अपने Ex के साथ मिलकर रची थी खौफनाक हत्या की साजिश; 3 गिरफ्तार
कोलकाता RG Kar अस्पताल के डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शिशु रोग विशेषज्ञ के पद पर थे कार्यरत