यमुनानगर में सिटी थाना SHO नरेंद्र राणा से जुड़ा थप्पड़कांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। करीब 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें SHO नरेंद्र एक व्यक्ति को बीच सड़क थप्पड़ मारते हुए दिखाई दिए थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। वहीं अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवक ने खुद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। युवक का आरोप है कि पुलिस की ओर से उस पर दबाव बनाया गया और जबरन समझौता लिखवाया गया। युवक ने वीडियो में कहा कि वह मानसिक दबाव में था और कुछ लोगों ने उसे मामले को खत्म करने के लिए मजबूर किया। युवक का कहना है कि उसके साथ जो हुआ वह गलत था और अब सोशल मीडिया पर लोग उसे लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान है।
दबाव में आकर लिखा था फैसला- पीड़ित
पीड़ित युवक ने अपने वीडियो में कहा कि उसने किसी दबाव में आकर फैसला लिखा था और अब वह पूरी सच्चाई लोगों के सामने रखना चाहता है। युवक का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला फिर से गर्मा गया है और सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
करतूत से पुलिस बदनाम
वहीं, पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल इस नए वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन SHO द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर बहस छिड़ गई थी। अब पीड़ित युवक का नया वीडियो सामने आने के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है।
(रिपोर्ट- कुलवंत चौधरी)
यह भी पढ़ें-
हरियाणा: सोनीपत में सनकी शख्स ने मचाया आतंक, धारदार हथियार से पीट-पीटकर एक कपल समेत 3 लोगों को मौत के घाट उतारा
महाभारत अनुभव केंद्र में भीषण आग, एक-एक कर फटीं 100 से ज्यादा बैटरी, 3 एसी भी जलकर खाक