कम उम्र में घुटनों से कट-कट या चटकने की आवाज आना एक आम समस्या है। मेडिकल भाषा में इसे 'क्रेपिटस' कहा जाता है। कई बार घुटनों को मोड़ने, सीढ़ियां चढ़ने-उतरने, बैठने या उठने के दौरान ऐसी आवाज सुनाई देती है। जरूरी नहीं कि हर बार घुटनों से आवाज आने का मतलब आम समस्या है। इसके पीछे कोई बीमारी भी हो सकती है। डॉ. अतुल मिश्रा, चेयरमैन, ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट, फोर्टिस नोएडा बता रहे हैं कि क्यों घुटनों से आती है कट कट की आवाज।
घुटनों से क्यों आती है कट कट की आवाज
डॉक्टर का कहना है कि घुटनों से आवाज आने का एक सामान्य कारण जोड़ों के अंदर मौजूद साइनोवियल फ्लूइड में गैस के बुलबुले बनना और उनका फूटना है। यह तरल पदार्थ जोड़ों को चिकनाई देता है और हड्डियों के बीच घर्षण कम करने में मदद करता है। इसके अलावा, घुटने के आसपास मौजूद टेंडन और लिगामेंट्स के हिलने या अपनी जगह पर वापस आने से भी चटकने जैसी आवाज आ सकती है। हालांकि,कम उम्र में लगातार घुटनों से आवाज आने के कुछ अन्य कारण भी हो सकते हैं। इनमें जांघ की मांसपेशियों का कमजोर होना,लंबे समय तक बैठे रहना,शारीरिक गतिविधियों की कमी,अधिक वजन और गलत तरीके से एक्सरसाइज करना शामिल हैं। कुछ मामलों में घुटने की हड्डी यानी पटेला की मूवमेंट सही न होने या उसके आसपास मौजूद कार्टिलेज में बदलाव के कारण भी ऐसी आवाज आ सकती है।
अगर घुटनों से आवाज आने के साथ दर्द,सूजन,अकड़न या चलने-फिरने में परेशानी भी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में ऑस्टियोआर्थराइटिस, कार्टिलेज की चोट या घुटने से जुड़ी अन्य समस्याओं की जांच जरूरी हो सकती है। घुटनों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से हल्की एक्सरसाइज करें। जांघों और घुटनों के आसपास की मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम करें, शरीर का वजन नियंत्रित रखें और लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें। ध्यान रखें कि केवल घुटनों से कट-कट की आवाज आना किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं है। लेकिन अगर इसके साथ दर्द या सूजन हो, तो ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
Latest Health News