नींद की गुणवत्ता यानी स्लीप क्वॉलिटी आपकी ओवरऑल हेल्थ को प्रभावित कर सकती है। अगर आप अपनी फिजिकल और मेंटल हेल्थ को मजबूत बनाए रखना चाहते हैं, तो अपनी नींद की गुणवत्ता को सुधारने की कोशिश कीजिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रात में सोने से पहले डीप ब्रीदिंग यानी गहरी-गहरी सांस लेने से स्लीप क्वॉलिटी को काफी हद तक इम्प्रूव किया जा सकता है। आइए डीप ब्रीदिंग के सही तरीके और कुछ जबरदस्त फायदों के बारे में जानते हैं।
नियम को करें फॉलो- सबसे पहले बिस्तर पर सीधे लेट जाइए। अब अपनी आंखों को धीरे से बंद कर लीजिए। डीप ब्रीदिंग के लिए 4-7-8 तकनीक को सबसे ज्यादा अच्छा माना जाता है। सबसे पहले 4 सेकंड के लिए धीरे-धीरे सांस लीजिए, उसके बाद 7 सेकंड के लिए सांस को रोक लीजिए और फिर 8 सेकंड में मुंह से धीरे-धीरे सांस को छोड़िए। आपको लगभग 5 मिनट तक इस तकनीक का अभ्यास करना है।
गौर करने वाली बात- अगर आप 7 सेकंड के लिए सांस नहीं रोक पा रहे हैं, तो कोई बात नहीं। आप 4-4-4 तकनीक का अभ्यास भी कर सकते हैं। बिस्तर पर सीधे लेटकर आंखें बंद कर लीजिए और फिर 4 सेकंड के लिए सांस लीजिए, 4 सेकंड के लिए सांस को रोकिए और 4 सेकंड में मुंह से धीरे-धीरे करके सांस को छोड़ दीजिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डीप ब्रीदिंग आपके माइंड को रिलैक्स करने में कारगर साबित हो सकती है।
सेहत के लिए फायदेमंद- डीप ब्रीदिंग करने से तनाव, चिंता और ओवरथिंकिंग तो दूर होती ही है, साथ ही नर्वस सिस्टम भी शांत होता है। बेहतर नींद के लिए हर रोज रात में सोने से पहले महज 5 मिनट के लिए गहरी-गहरी सांस लीजिए और आपको खुद-ब-खुद पॉजिटिव असर महसूस होने लगेगा। शरीर और दिमाग की थकान को दूर करने के लिए डीप ब्रीदिंग की मदद ली जा सकती है। गहरी-गहरी सांस लेने से मांसपेशियों को भी काफी आराम मिलता है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Health News