बरसात के मौसम में दूषित पानी और संक्रमित भोजन की वजह से डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। इस दौरान शरीर से पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से निकलने लगते हैं, जिससे कमजोरी और डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। ऐसे में सही खानपान जल्दी रिकवरी में अहम भूमिका निभाता है। दिल्ली-एनसीआर की एक जानी-मानी और अनुभवी न्यूट्रिशनिस्ट और क्लीनिकल डायटीशियन सोनिया नारंग के अनुसार, डायरिया के दौरान कुछ हल्के और आसानी से पचने वाले खाद्य पदार्थ शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन तंत्र को भी आराम पहुंचाते हैं।
डायरिया में इन चीजों का करें सेवन
-
केला: केला डायरिया के दौरान खाने के लिए सबसे अच्छे फलों में से एक माना जाता है। इसमें पेक्टिन और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जो ढीले मल को नियंत्रित करने और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने में मदद करते हैं।
-
पकी हुई गाजर: सब्जियों में आप गाजर का सेवन कर सकते हैं, अच्छी तरह उबली या पकी हुई गाजर पचने में आसान होती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने के साथ आंतों को आराम पहुंचाने में मदद कर सकते हैं।
-
चावल: डायरिया में आपको रोटी नहीं खाना है उसकी जगह आप चावल का सेवन करें। सादा उबला हुआ चावल हल्का भोजन है और पाचन तंत्र पर ज्यादा दबाव नहीं डालता। डायरिया के दौरान इसे दही (यदि डॉक्टर ने मना न किया हो) या मूंग दाल के हल्के सूप के साथ लिया जा सकता है।
-
नारियल पानी: डायरिया में शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट रखने और सोडियम-पोटैशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति में मदद करता है।
इन बातों का रखें ध्यान
डायरिया में पर्याप्त मात्रा में ORS और पानी पीते रहें। तला-भुना, मसालेदार और बाहर का खाना खाने से बचें। डायरिया में आप ड्राई फ्रूट्स का सेवन न करें। यह गंभीर होता है जो आसानी से पचता नहीं है, यदि डायरिया 2–3 दिन से अधिक रहे, तेज बुखार, खून वाली दस्त या गंभीर डिहाइड्रेशन के लक्षण हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)
Latest Health News