केले का सेवन स्वास्थ के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। सुबह की भागदौड़ में अक्सर लोग नाश्ता बनाने के झंझट से बचने के लिए केला खा लेते हैं। केला एक ऐसा फल है जो तुरंत एनर्जी देता है, पोषक तत्वों से भरपूर है और खाने में भी बेहद आसान है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुबह खाली पेट केला खाना आपकी सेहत के लिए फायदे की जगह बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है? जी हां, आयुर्वेद में खाली पेट केला खाने से बचने की सलाह देते हैं। ऐसे में यहां जानने की कोशिश करेंगे कि खाली पेट केला खाने से क्या नुकसान हो सकते हैं।
1. मैग्नीशियम और कैल्शियम का संतुलन बिगड़ना
केले में मैग्नीशियम और पोटैशियम की मात्रा बहुत अधिक होती है। जब आप खाली पेट केला खाते हैं, तो शरीर में मैग्नीशियम की मात्रा अचानक बहुत बढ़ जाती है। इसके कारण ब्लड में कैल्शियम और मैग्नीशियम का संतुलन बिगड़ जाता है। यह असंतुलन सीधे आपके दिल की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है और कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।
2. पाचन तंत्र के लिए
केला नेचर में थोड़ा भारी और अम्लीय होता है। खाली पेट इसे खाने से पेट में एसिड की मात्रा बढ़ सकती है। इसके कारण पाचन क्रिया धीमी हो जाती है और गैस, अपच, सीने में जलन या ब्लोटिंग जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
3. एनर्जी
केले में नेचुरल शुगर भरपूर मात्रा में होती है। खाली पेट इसे खाने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है, जिससे आपको तुरंत एनर्जी तो मिलती है। लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह शुगर लेवल उतनी ही तेजी से नीचे गिरता है। इसकी वजह से दोपहर होते-होते थकान, सुस्ती और दोबारा बहुत तेज भूख लगने लगती है।
4. आंतों के लिए नुकसानदेह
केले में मौजूद फाइबर खाली पेट आंतों पर दबाव बना सकता है, जिससे कुछ लोगों को पेट में मरोड़ या भारीपन महसूस हो सकता है। ऐसे में सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से बचें।
केला खाने का सही तरीका क्या है?
सुबह खाली पेट सिर्फ केला खाने के बजाय इसे अन्य चीजों के साथ मिलाकर खाएं। आप इसे दलिया, दूध, दही या फिर बादाम और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स के साथ खा सकते हैं। केला खाने का सबसे सही समय सुबह नाश्ते के बाद या दोपहर के लंच से पहले का होता है। वहीं वर्कआउट से 30 मिनट पहले इसे खाना भी बेहतरीन माना जाता है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Health News