सुबह बिस्तर से उठते ही पैर के तलवे में तेज दर्द होना और पहले कुछ कदम चलने में परेशानी महसूस करना एक आम समस्या है। कई लोग इसे थकान या ज्यादा चलने का नतीजा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, अगर यह दर्द बार-बार हो रहा है, तो इसके पीछे कुछ स्वास्थ्य संबंधी कारण हो सकते हैं। समय रहते इसकी वजह जानना जरूरी है, ताकि समस्या गंभीर होने से पहले सही इलाज शुरू किया जा सके। डॉ. मोनू सिंह, निदेशक आर्थोपेडिक्स, फोर्टिस अस्पताल, मानेसर बता रहे हैं कि ये किस बीमारी का संकेत हो सकते हैं।
1. प्लांटर फैसिआइटिस हो सकता है प्रमुख कारण
सुबह उठते ही एड़ी या तलवे में दर्द होने की सबसे आम वजह प्लांटर फैसिआइटिस है। इसमें पैर के तलवे में मौजूद मोटे टिशू, जो एड़ी को पंजों से जोड़ते हैं, में सूजन या जलन हो सकती है। लंबे समय तक बैठने या सोने के बाद जब व्यक्ति पहला कदम रखता है, तो दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। कुछ देर चलने के बाद दर्द कम हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने से दोबारा बढ़ सकता है।
2. एड़ी में स्पर या दूसरी समस्याएं
एड़ी की हड्डी के पास अतिरिक्त हड्डी का उभार, जिसे हील स्पर कहते हैं, कुछ लोगों में दर्द का कारण हो सकता है। हालांकि, हील स्पर होने का मतलब यह नहीं कि दर्द जरूर होगा। इसके अलावा, गलत फिटिंग वाले जूते, लंबे समय तक खड़े रहना और पैरों पर ज्यादा दबाव पड़ना भी दर्द की वजह बन सकते हैं।
3. क्या यह गठिया या नसों की समस्या का संकेत है?
अगर तलवे में दर्द के साथ सूजन, लालिमा या जोड़ों में अकड़न भी हो, तो गठिया जैसी स्थितियों की जांच जरूरी है। वहीं, दर्द के साथ झनझनाहट, जलन या सुन्नपन महसूस होना नसों से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों में भी नसों को नुकसान पहुंचने के कारण पैरों में ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
दर्द से राहत पाने के लिए क्या करें?
आरामदायक और अच्छी सपोर्ट वाले जूते पहनें। सुबह बिस्तर से उठने से पहले पंजों और पिंडलियों की हल्की स्ट्रेचिंग करें। तलवे पर ठंडी सिकाई करने से भी राहत मिल सकती है। यदि दर्द लगातार बना रहे, बढ़ता जाए या चलने में परेशानी हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
Latest Health News