1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. युवाओं में Heart Attack की सबसे बड़ी वजह आई सामने, डॉक्टर ने बताया क्या है दिल की बढ़ती बीमारियों का कारण

युवाओं में Heart Attack की सबसे बड़ी वजह आई सामने, डॉक्टर ने बताया क्या है दिल की बढ़ती बीमारियों का कारण

Heart Attack Causes In Young: युवाओं में हार्ट अटैक की सबसे बड़ी वजह सामने आई है। डॉक्टर ने बताया क्यों तेजी से बढ़ रहा है दिल की बीमारियों का खतरा। आप चाहें तो इन्हें खुद कंट्रोल कर सकते हैं और दिल के दौरे से बच सकते हैं।

दिल का दौरा पड़ने की वजह- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK दिल का दौरा पड़ने की वजह

हार्ट अटैक किसी को भी आ सकता है, लेकिन इसे रोकना भी आपके हाथ में है। इसके लिए जरूरी है कि आप हार्ट अटैक के कारण को समझें। हार्ट अटैक के कारण बहुत सामान्य हैं। हार्ट डिजीज या हार्ट अटैक के कारण जो मौत होती हैं ये मल्टीफैक्टोरियल हैं। यानि इसके अलग अलग कारण हो सकते हैं। हार्ट अटैक के 7-8 मुख्य कारण हैं। जिसमें लाइफस्टाइल को सबसे अहम माना जा रहा है। पिछले 15 सालों में जो लाइफस्टाइल में बदलाव आए हैं वो बहुत अनहेल्दी बदलाव हैं। इसीलिए युवाओं में हार्ट अटैक के मामले बढ़े हैं। आइये डॉक्टर से जानते हैं हार्ट अटैक के कारण क्या हैं?

हाल ही में हुए इंडिया टीवी स्पीड न्यूज़ वेलनेस वीकेंड कार्यक्रम में डॉक्टर अशोक सेठ (चेयरमैन, फोर्टिस एस्कोर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट, दिल्ली) ने बताया कि आपको लाइफस्टाइल में क्या परेशानियां या क्या खराबियां आ रही हैं उन्हें समझना जरूरी है। इन बदलावों को आप खुद ही कंट्रोल कर सकते हैं। सबसे बड़ी बात कि युवाओं में सेंडेंटरी हैबिट आ गई हैं। जिसमें कम एक्सरसाइज करना यानि शारीरिक श्रम कम करना। ज्यादा चलना फिरना नहीं और दिनभर बैठे रहना। मोटापा यानि ओबेसिटी साथ में स्मोकिंग बहुत बढ़ गई है जो एक महत्वपूर्ण वजह है हार्ट अटैक और हार्ट डिजीज की। बहुत ज्यादा मात्रा में शराब पीना हार्ट अटैक का बड़ा कारण है। इसके साथ ही जो स्ट्रेस बढ़ा है और डाइट खराब हुई है। वो एक बहुत बड़ा कारण है हार्ट की बीमारियों का।

हार्ट अटैक के मुख्य कारण

डॉक्टर का कहना है कि अगर फैमिली में किसी को हार्ट संबंधी समस्याएं रही हैं। जैसे किसी के पिताजी, मां या भाई बहन को हार्ट से जुड़ी बीमारी रही हैं। ऐसे लोगों में भी हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है। डायबिटीज, हाइपरटेंशन, हाई कोलेस्ट्रॉल ये तीन अहम कारण है हार्ट अटैक के, जो तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि इन तीनों चीजों को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। ये सभी चीजें कंट्रोल करने से हार्ट अटैक के खतरे को बहुत कम किया जा सकता है।

हार्ट अटैक को रोकने के लिए क्या करें?

हार्ट अटैक के जो कारण हैं उन्हें रोकने की क्षमता आपके पैरों में है। जी हां क्योंकि पैरों से आप चलते फिरते हैं। आप जितनी वॉक करेंगे, फिजिकली एक्टिव रहेंगे, एक्सरसाइज करें उससे हार्ट अटैक का खतरा कम होगा। एक्सरसाइज से डायबिटीज को कंट्रोल किया जा सकता है। एक्सरसाइझ से बीपी कंट्रोल हो जाता है। एक्सरसाइज से मोटापा खत्म हो जाता है। एक्सरसाइज से स्ट्रेस और कोलेस्ट्रॉल कम हो जाता है। एक्सरसाइज से स्मोकिंग और शराब की आदत छूट जाती है। एक्सरसाइज करने से दवाएं आधी हो जाती हैं।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News