1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. क्या कैंसर अचानक होता है? अगर आपके मन में भी उठता है ये सवाल, तो डॉक्टर से जानें सही जवाब

क्या कैंसर अचानक होता है? अगर आपके मन में भी उठता है ये सवाल, तो डॉक्टर से जानें सही जवाब

कैंसर क्या अचानक शरीर में पैदा हो जाता है। क्या किसी एक चीज से कैंसर होता है। अगर आपके मन में भी कैंसर को लेकर ये सवाल आते हैं तो जानिए इसका सही जवाब क्या है?

क्या कैंसर अचानक होता है? - India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC क्या कैंसर अचानक होता है?

कैंसर ऐसी बीमारी है जिसे समझना अभी भी आम लोगों के लिए मुश्किल है। कई बार हेल्दी और फिट लोगों को अचानक से तीसरी और चौथी स्टेज का कैंसर हो जोता है। ऐसे में हर व्यक्ति के मन में सवाल आता है कि क्या कैंसर अचानक होता है? सच्चाई यह है कि कैंसर एक दिन में नहीं होता बल्कि हमारे शरीर में कोशिकाओं में धीरे-धीरे होने वाले असामान्य बदलावों से विकसित होता है। डॉक्टर अक्षत मलिक (सीनियर कंसल्टेंट-हेड एंड नेक ऑन्कोलॉजी, अपोलो हॉस्पिटल्स, दिल्ली) ने बताया समय-समय पर कैंसर की स्क्रीनिंग खतरे से आपको बचा सकती है। कैंसर का कोई भी लक्षण नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। समय पर सही इलाज मिलने से कैंसर से बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

कैंसर क्या है?

डॉक्टर अक्षत मलिक ने बताया कि सबसे पहले आपका जानना जरूरी है कि कैंसर होता है। डॉक्टर्स की मानें तो कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर की कुछ कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं। ये कोशिकाएं एक ट्यूमर (Tumor) का रूप ले लेती हैं और धीरे-धीरे शरीर के अन्य हिस्सों में ये कोशिकाएं फैल जाती है। हालांकि ऐसा जरूरी नहीं है कि हर ट्यूमर कैंसर हो, कई बार कुछ ट्यूमर नॉन कैंसरस होते हैं। 

कैंसर क्यों होता है? 

आम लोगों के मन में ये सवाल सबसे ज्यादा आता है कि आखिर कैंसर क्यों होता है। किन वजहों से इंसान कैंसर की चपेट में आता है। डॉक्टर्स की मानें तो कैंसर का कोई एक कारण नहीं है। ये आपकी लाइफस्टाइल, जैविक और आनुवंशिक कारणों से जुड़ा हो सकता है।

आनुवंशिक बदलाव (Genetic Mutations)- कई बार कोशिकाओं के DNA में कुछ बदलाव आने लगते हैं जिससे कैंसर पैदा होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे बदलाव कुछ लोगों में जन्मजात हो सकते हैं और कुछ लोगों में समय के साथ विकसित हो सकते हैं।

तंबाकू और धूम्रपान- कैंसर का बड़ा कराण सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, तंबाकू चबाना भी है। इससे फेफड़े, मुंह, गले और कई दूसरी तरह के कैंसर का खतरा काफी बढ़ जाता है।

अनहेल्दी लाइफस्टाइल- लंबे समय तक अनहेल्दी लाइफस्टाइल भी कैंसर का एक कारण हो सकती है। जिसमें मोटापा, फिजिकल एक्टिविटी कम होना, जंक फूड का सेवन, बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड खाने जैसी आदतें शामिल हैं।

शराब ज्यादा पीना- जो लोग शराब ज्यादा पीते हैं उन लोगों में कई तरह के कैंसर होने का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में काफी बढ़ जाता है।

संक्रमण- शरीर में कुछ इंफेक्शन भी कैंसर के खतरे को बढ़ाते हैं। कुछ वायरस, बैक्टीरिया भी कैंसर का खतरा पैदा कर सकते हैं। जिसमें एचआईवी, हेपेटाइटिस बी और सी, हेलिकोबैक्टर पाइलोरी मुख्य रूप से हैं।

पर्यावरणीय- कैंसर का एक बड़ा कारण खराब पर्यावरण भी बन रहा है। जिसमें लंबे समय तक वायु प्रदूषण, हानिकारक रसायन, एस्बेस्टस, अत्यधिक UV किरणें और रेडिएशन के संपर्क में रहने से कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। 

बढ़ती उम्र और इतिहास- इतना ही नहीं बढ़ती उम्र की वजह से भी कैंसर का खतरा होता है। उम्र के साथ कुछ कोशिकाओं में बदलाव आने लगता है, जो कैंसर के जोखिम को बढ़ाती हैं। इसके अलावा अगर परिवार में किसी को कैंसर रहा है। आपका वजन ज्यादा है, आप धूम्रपान और शराब का सेवन ज्यादा करते हैं, फिजिकली एक्टिव नहीं है, अनहेल्दी लाइफस्टाइल है और प्रदूषित वातावरण में रहते हैं तो नियमित स्क्रीनिंग कराना जरूरी है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News