हल्का बुखार, गले में खराश और मुंह पर दाने, हो सकते हैं हैंड फुट माउथ डिजीज के लक्षण, बच्चों के लिए खतरनाक है बीमारी
Hand Food Mouth Disease: बच्चों में हैंड फुट माउथ की बीमारी तेजी से फैल रही है। छोटे बच्चे सबसे ज्यादा इस बीमारी की चपेट में आते हैं। एक बच्चे के दूसरे बच्चे में ये रोग तेजी से फैलता है। जान लें हाथ, पैर और मुंह की इस बीमारी के क्या लक्षण और इससे कैसे बचें।
इस मौसम में बुखार, खांसी और सर्दी जुकाम जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं। वायरल, डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया भी फैलता है, लेकिन अब एक ऐसी बीमारी भी पैर पसार रही है जो हाथ पैर और मुंह पर अटैक करती है। हल्का बुखार, गले में खराश और मुंह-हाथ पर दाने हो रहे हैं तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये हाथ, पैर और मुंह का रोग (HFMD) हो सकता है। बच्चों में ये बीमारी आम है खासतौर से स्कूलों और डेकेयर में ये बीमारी तेजी से फैलती है। यहां एक दूसरे को छूने और पास रहने से इंफेक्शन तेजी से फैलता है। इस बीमारी में हाथ, पैरों और मुंह के अंदर छोटे-छोटे छाले जैसे हो जाते हैं। जानते हैं हैंड फुट माउथ डिजीज के लक्षण और इससे कैसे बच सकते हैं। अगर बच्चे को ये बीमारी हो जाए तो क्या करना चाहिए?
हाथ, पैर और मुंह रोग क्या है?
हैंड फुट माउथ डिजीज एक वायरल इंफेक्शन है। जो ज्यादातर छोटे बच्चों में फैलता है। 5 साल से कम उम्र के बच्चों को इसका खतरा ज्यादा रहता है। ये कॉक्ससैकीवायरस A16 के एक समूह के कारण होता है। इंफेक्शन लार, नाक, छालों से निकलने वाले तरल पदार्थ या इंफेक्टेड जगहों को छूने से आसानी से फैलता है। इसमें हल्के बुखार के साथ हाथों, पैरों और मुंह में छाले और फेस पर दाने जैसे हो जाते हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में कुछ घरेलू उपायों और दवाओं से ये बीमारी हफ्तेभर में ठीक हो जाती है। लेकिन इससे बच्चे को खाने, खेलने कूदने में परेशानी होती है।
हैंड फुट माउथ रोग कैसे फैलता है?
- लार, जब कोई संक्रमित व्यक्ति खांसता या छींकता है
- त्वचा पर छालों से निकलने वाला तरल पदार्थ
- नाक या गले से बलगम आना
- मल के संपर्क में आना
- अक्सर डायपर बदलते समय या शौचालय का उपयोग करने के बाद
- खिलौनों, कपड़ों, तौलियों या दूषित सतहों को छूना
वायरस जब शरीर में पहुंच जाता है तो ये मुंह और आंतों की परत में बस जाता है और बढ़ना शुरू कर देता है। लक्षण दिखने से पहले भी कई बार ये वायरस दूसरों में फैल सकता है, जिसे कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है।
HFMD के लक्षण
- पहला लक्षण हल्का बुखार
- गले में खराश खाने में परेशानी
- भूख में कमी
- चिड़चिड़ापन या थकान
- दर्दनाक मुंह के छाले
- त्वचा पर दाने या छाले
- हाथों की हथेलियों, पैरों के तलवों और कभी-कभी घुटनों, कोहनियों या हिप्स पर लाल दाने
- हल्का सिरदर्द या शरीर में दर्द
कई बार इंफेक्शन के 1-2 दिन बाद ही मुंह में छाले और त्वचा पर दाने नजर आने लगते हैं। कुछ मामलों में हफ्तेभर बाद दाने उभरकर आते हैं। इस दौरान बच्चों को ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ पिलाएं, खाने में सॉफ्ट और गुनगुनी चीजें खिलाएं इससे राहत मिल सकती है।
Source: https://www.maxhealthcare.in/blogs/understanding-hand-foot-and-mouth-dis...
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
