1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. एक-दो नहीं 3 बार कैंसर की गिरफ्त में आए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन, अब हुआ खतरनाक स्किन कैंसर, डॉक्टर ने बताए लक्षण और किसे है ज्यादा खतरा

एक-दो नहीं 3 बार कैंसर की गिरफ्त में आए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन, अब हुआ खतरनाक स्किन कैंसर, डॉक्टर ने बताए लक्षण और किसे है ज्यादा खतरा

Joe Biden Skin Cancer: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन एक बार फिर कैंसर की चपेट में आ गए हैं। हाल ही में उन्होंने स्किन कैंसर की सर्जरी करवाई है। जानिए कितना खतरनाक है स्किन कैंसर और क्या हैं त्वचा के कैंसर के लक्षण?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को हुआ स्किन कैंसर- India TV Hindi
Image Source : PTI अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को हुआ स्किन कैंसर

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन एक बार फिर कैंसर की चपेट में हैं। जो बाइडन ने हाल ही में स्किन कैंसर के लिए खास 'मो़स सर्जरी' करवाई है। दो साल पहले भी बाइडन जब यूएस के प्रेसिडेंट थे तब उन्हें कैंसर हुआ था। उस वक्त बाइडन को छाती में कैंसर हुआ था। कैंसररस घाव को सर्जरी के बाद हटाया गया था, जो कि बेसल सेल कार्सिनोमा (Basal Cell Carcinoma) था। यह काफी आम त्वचा कैंसर में से एक है। पिछले साल बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर का पता चला जो हड्डियों तक फैल चुका है। यानि 1-2 बार नहीं बल्कि 3 बार कैंसर की गिरफ्त में आ चुके हैं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति। जानते हैं, स्किन कैंसर के क्या लक्षण होते हैं और किन लोगों को होने का खतरा ज्यादा होता है। 

त्वचा कैंसर क्या है?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, स्किन कैंसर होने पर त्वचा में असामान्य रूप से कोशिकाओं की वृद्धि होने लगती है। ये कोशिकाएं शरीर के हेल्दी टिशूज पर अटैक करके उन्हें खत्म कर देती है। स्किन कैंसर के कई प्रकार होते हैं, जिनमें से दो सबसे आम हैं, बेसल सेल कार्सिनोमा और स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा। इन त्वचा कैंसर का इलाज संभव है, हालांकि, मेलेनोमा नामक त्वचा कैंसर का एक प्रकार भी है, जो बहुत खतरनाक है। 

स्किन कैंसर के लक्षण

  • त्वचा पर कुछ नया दिखना जैसे तिल, मस्सा, कोई उभार या पपड़ी जैसी।
  • त्वचा पर खुरदुरा धब्बा बन जाना।
  • त्वचा पर घाव जो ठीक नहीं होता।
  • तिल या झाई में परिवर्तन, जैसे कि उनका बड़ा होना या रंग बदलना।
  • स्किन ग्रोथ जहां हो रही हैं वहां त्वचा में खुजली होना।
  • स्किन ग्रोथ वाले एरिया में या आसपास दर्द रहना।

स्किन कैंसर से कैसे बचें?

  1. त्वचा कैंसर के जोखिम को कम करने और इसे रोकने के लिए कुछ बातों का खास ख्याल रखना जरूरी है।
  2. दोपहर की धूप में जाने से बचें। जितना हो सके कोशिश करें कि छाया में ही रहें।
  3. पूरे साल सनस्क्रीन लगाएं। कम से कम 30 एसपीएफ वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन इस्तेमाल करें।
  4. बादल होने या घर के अंदर रहने पर भी आपको सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना है।
  5. धूप से बचने वाले कपड़े पहनें, जिसमें अपने हाथ और पैर ढकें, अच्छी कैप पहनें जिससे फेस बचा रहे और धूप का चश्मा पहनना न भूलें।
  6. टैनिंग बेड का उपयोग न करें। 
  7. अपनी त्वचा की नियमित जांच करें और किसी भी बदलाव होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
  8. फेस पर कोई नया तिल, मस्सा, झाइयाँ, उभार और निशान आने पर डॉक्टर को दिखाएं।

क्या होती है मोस सर्जरी

डॉक्टर्स की मानें तो मोस सर्जरी (Mohs Surgery) स्किन कैंसर को ट्रीट करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली लेटेस्ट सर्जरी है। यह एक ऐसी मेडिकल प्रक्रिया है, जिसमें त्वचा की परत-दर-परत जांच करते हुए तब तक हटाई जाती है, जब तक कोई कैंसर के निशान शेष नहीं रह जाते। यह स्किन कैंसर के इलाज में होने वाली एडवांस तकनीकि है। जिससे कैंसर को जड़ से हटाने में मदद मिलती है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News