A
Hindi News हेल्थ आपको कैसे पता चलेगा कि आपकी किडनी ठीक से काम कर रही है या नहीं? एक्सपर्ट से जानें

आपको कैसे पता चलेगा कि आपकी किडनी ठीक से काम कर रही है या नहीं? एक्सपर्ट से जानें

अगर आपको शरीर में थकान, कमजोरी जैसे कुछ ये संकेत नज़र आ रहे हैं तो आपको सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि ऐसा अक्सर तब होता है जब किडनी ठीक से काम नहीं कर रही होती है

किडनी - India TV Hindi Image Source : FREEPIK किडनी

किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है, जो शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। इसके साथ ही यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती है। नई दिल्ली में स्थित पीएसआरआई अस्पताल में कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट और किडनी ट्रांसप्लांट फिज़िशियन डॉ. सौबीर घोष कहते हैं कि लेकिन जब किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है तो शरीर कुछ संकेत देने लगता है जिन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है।

किडनी की समस्या होने पर दिखते हैं ये संकेत 

  • पेशाब में बदलाव: किडनी की समस्या होने पर पेशाब में बदलाव दिखने लगते हैं। जैसे पेशाब का रंग बहुत गहरा होना, झागदार पेशाब आना, पेशाब करते समय जलन महसूस होना या बार-बार पेशाब आने की समस्या होना। कुछ लोगों को रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है, जो किडनी की कार्यक्षमता में बदलाव का संकेत हो सकता है। 

  • शरीर में सूजन: इसके अलावा शरीर में सूजन भी किडनी के ठीक से काम न करने का संकेत हो सकती है। जब किडनी शरीर से एक्स्ट्रा पानी और नमक को सही तरीके से बाहर नहीं निकाल पाती, तो यह शरीर में जमा होने लगता है। इसकी वजह से पैरों, टखनों, हाथों या आंखों के आसपास सूजन दिखाई दे सकती है।

  • लगातार थकान और कमजोरी: किडनी की समस्या होने पर व्यक्ति को लगातार थकान और कमजोरी भी महसूस हो सकती है। जब किडनी शरीर से विषैले पदार्थों को ठीक से फिल्टर नहीं कर पाती, तो ये शरीर में जमा होने लगते हैं और ऊर्जा का स्तर कम होने लगता है। 

  • त्वचा में खुजली की समस्या: कुछ लोगों में त्वचा में खुजली की समस्या बढ़ सकती है। किडनी की कार्यक्षमता कम होने पर शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं, जिसका असर त्वचा पर भी पड़ सकता है। 

कैसे रखें किडनी को हेल्दी?

किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पानी पीना, संतुलित आहार लेना, ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड से बचना, व्यायाम करना और ब्लड प्रेशर व शुगर को नियंत्रित रखना महत्वपूर्ण है। हालांकि किडनी ठीक से काम कर रही है या नहीं, इसका सही पता केवल मेडिकल जांच के जरिए ही लगाया जा सकता है। 

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है

Latest Health News