1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. हार्ट को हेल्दी रखने के लिए रोज कितना एक्सरसाइज करना चाहिए?

हार्ट को हेल्दी रखने के लिए रोज कितना एक्सरसाइज करना चाहिए?

हार्ट अटैक के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में हार्ट को हेल्दी रखने के लिए नियमित एक्सरसाइज करना जरूरी है। अब सवाल उठता है कि हार्ट को हेल्दी रखने के लिए रोज कितना एक्सरसाइज करना चाहिए। चलिए जानते हैं।

How to keep heart healthy- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC हार्ट को हेल्दी रखने के लिए रोज कितना एक्सरसाइज करना चाहिए?

आज के समय में हार्ट अटैक के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। न केवल बूढ़े बल्कि यंगस्टर्स और बच्चे भी इसका शिकार हो रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है खराब लाइफस्टाइल,गलत खान पान और फिजिकल एक्टिविटी की कमी है। लेकिन कई लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि हार्ट को हेल्दी रखने के लिए रोजाना कितना एक्सरसाइज करना चाहिए। डॉ. राशि खरे, अतिरिक्त निदेशक - इंटरवेंशन कार्डियोलॉजी और हार्ट फेलियर प्रोग्राम, फोर्टिस हॉस्पिटल, शालीमार बाग से जानेंगे कि हार्ट को हेल्दी रखने के लिए कितना एक्सरसाइज करना जरूरी है। 

क्या कहते हैं डॉक्टर
दिल को स्वस्थ रखने के लिए नियमित फिजिकल एक्टिविटी बहुत जरूरी है। सामान्य तौर पर एक स्वस्थ वयस्क को हफ्ते में कम से कम 150 मिनट की एक्सरसाइज करनी चाहिए, यानी करीब 30 मिनट रोज, सप्ताह में 5 दिन। अगर समय मिले तो इसे बढ़ाकर 300 मिनट प्रति सप्ताह तक किया जा सकता है। तेज वॉक करना, साइकिल चलाना, स्विमिंग, डांस करना या हल्की जॉगिंग जैसी फिजिकल एक्टिविटी आप कर सकते हैं। शुरुआत करने वालों के लिए रोज 20–30 मिनट तेज चलना भी एक अच्छा ऑप्शन है। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में उठकर कुछ मिनट चलना भी फायदेमंद है।

इस बात का भी रखें ध्यान
सिर्फ एक्सरसाइज की अवधि ही नहीं, उसकी नियमितता भी महत्वपूर्ण है। सप्ताह में 2 दिन हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी की जा सकती है, क्योंकि इससे मांसपेशियां मजबूत रहती हैं और शरीर की ओवरऑल फिटनेस बेहतर होती है। अगर किसी व्यक्ति को पहले से हृदय रोग, सांस फूलने की समस्या, सीने में दर्द, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, तो एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। एक्सरसाइज के दौरान सीने में दर्द, असामान्य सांस फूलना, चक्कर या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हार्ट हेल्थ के लिए बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करने से ज्यादा जरूरी है नियमित रूप से एक्टिव रहना। रोज की 30 मिनट की वॉकिंग भी लंबे समय में दिल के लिए बड़ा फायदा दे सकती है।

Latest Health News