1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. बालतोड़ के दर्द और सूजन से कैसे पाएं राहत, ये आसान उपाय आ सकते हैं काम

बालतोड़ के दर्द और सूजन से कैसे पाएं राहत, ये आसान उपाय आ सकते हैं काम

बालतोड़ एक आम समस्या है जो तब होती है जब त्वचा का कोई बाल टूटने या उखड़ने से वहां के रोमछिद्र में बैक्टीरिया प्रवेश कर जाता है। इसके कारण वहां संक्रमण हो जाता है और मवाद भर जाता है। इससे छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं। ऐसे में यहां हम कुछ आसान उपाय बता रहे हैं जो बालतोड़ से छुटकारा दिलाने में सहायक हो

बालतोड़ के दर्द और सूजन से कैसे पाएं राहत, ये आसान उपाय आ सकते हैं काम - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बालतोड़ के दर्द और सूजन से कैसे पाएं राहत, ये आसान उपाय आ सकते हैं काम

बालतोड़ एक बेहद दर्दनाक समस्या है। इस दर्द को आपमे से ज्यादातर लोगों ने झेला होगा। जब शरीर के किसी हिस्से का बाल जड़ से टूट जाता है, तो वहां बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण लाल रंग का एक फोड़ा बन जाता है। इसमें तेज दर्द, सूजन और कभी-कभी मवाद भी भर जाता है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए ज्यादातर लोग दवाओं का सहारा लेते हैं। लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय के जरिए भी आप बालतोड़ की समस्या से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं बालतोड़ से छुटकारा पाने के आसान उपाय। 

1. गर्म सिंकाई 
बालतोड़ के इलाज का यह सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। एक साफ कपड़े को गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें और इसे प्रभावित हिस्से पर 10 से 15 मिनट के लिए रखें। दिन में 3-4 बार ऐसा करने से उस हिस्से में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे मवाद जल्दी बाहर निकल आता है और सूजन व दर्द में कमी आती है।

2. हल्दी और अदरक का लेप
हल्दी में 'कर्क्यूमिन' नामक तत्व होता है, जो अपने एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुणों के लिए जाना जाता है। हल्दी पाउडर में थोड़ा सा अदरक का रस या पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बालतोड़ पर लगाने से संक्रमण नहीं फैलता और सूजन तेजी से कम होती है।

3. नीम की पत्तियां
नीम एक नेचुरल एंटीबायोटिक है। नीम की कुछ पत्तियों को पीसकर पेस्ट बना लें और इसे बालतोड़ वाली जगह पर लगाएं। नीम में मौजूद औषधीय गुण बैक्टीरिया को खत्म करते हैं और दर्द से तुरंत राहत दिलाते हैं।

4. टी ट्री ऑयल
टी ट्री ऑयल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं। इसे सीधे त्वचा पर न लगाएं बल्कि एक चम्मच नारियल तेल या जैतून के तेल में 2-3 बूंदें टी ट्री ऑयल की मिलाकर बालतोड़ पर लगाएं। यह संक्रमण को जड़ से खत्म करने में मदद करता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News