1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. हेल्दी डाइट फॉलो करने के बाद भी बढ़ रहा है वज़न? एक्सपर्ट से जानें ऐसा क्यों होता है और कैसे होगा वेट लॉस

हेल्दी डाइट फॉलो करने के बाद भी बढ़ रहा है वज़न? एक्सपर्ट से जानें ऐसा क्यों होता है और कैसे होगा वेट लॉस

अगर हेल्दी डाइट फॉलो करने के बाद भी आपका वजन कम नहीं हो रहा है तो चलिए एक्सपर्ट से जानते हैं इसके पीछे कौन सी वजहें ज़िम्मेदार हो सकती हैं?

हेल्दी डाइट- India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH हेल्दी डाइट

आजकल बहुत से लोग हेल्दी डाइट फॉलो करते हैं। अपने आप को फिट और मोटापे से दूर रखने के लिए डाइट में सलाद, कम तेल वाला खाने का सेवन करते हैं और चीनी से परहेज़ करते हैं। फिर भी उनका वज़न कम होने के बजाय बढ़ता हुआ नज़र आता है। यह स्थिति अक्सर लोगों को कन्फ्यूज़ और निराश कर देती है। ऐसे में मैक्योर हॉस्पिटल में डायटीशियन सुख साबिया कहती हैं कि असल में, वज़न बढ़ने के पीछे केवल खाना ही नहीं, बल्कि कई अन्य कारण भी जिम्मेदार होते हैं, जिन्हें समझना ज़रूरी है।

कैलोरी का सही अंदाजा न होना

सबसे पहला कारण है कैलोरी का सही अंदाज़ा न होना। कई बार हम जो “हेल्दी” समझकर खा रहे होते हैं, जैसे ड्राई फ्रूट्स, स्मूदी या मल्टीग्रेन स्नैक्स, उनमें कैलोरी काफी ज़्यादा होती है। यदि इनका सेवन मात्रा से अधिक किया जाए, तो वज़न बढ़ सकता है। इसके अलावा, बार-बार थोड़ी-थोड़ी देर में खाना भी कुल कैलोरी इंटेक बढ़ा देता है।

शारीरिक गतिविधि की कमी

दूसरा महत्वपूर्ण कारण है शारीरिक गतिविधि की कमी। सिर्फ डाइट कंट्रोल करने से ही वज़न कम नहीं होता, बल्कि शरीर को एक्टिव रखना भी उतना ही ज़रूरी है। यदि आप दिनभर बैठे रहते हैं और एक्सरसाइज नहीं करते, तो मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे फैट बर्न कम होता है।

हार्मोनल असंतुलन 

तीसरा कारण हार्मोनल असंतुलन हो सकता है। जैसे कि थायरॉइड की समस्या या पीसीओएस जैसी स्थितियों में वज़न बढ़ना आम बात है। इन परिस्थितियों में सही डाइट के साथ-साथ मेडिकल सलाह लेना भी ज़रूरी होता है।

नींद की कमी और तनाव 

नींद की कमी और तनाव भी वज़न बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कम नींद लेने से शरीर के हार्मोन प्रभावित होते हैं, जिससे भूख बढ़ती है और मीठा या जंक फूड खाने की इच्छा ज्यादा होती है। वहीं, अधिक तनाव के कारण कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जो फैट स्टोरेज को बढ़ावा देता है।

कैसे कम होगा वजन?

वज़न कम करने के लिए ज़रूरी है कि आप संतुलित डाइट के साथ नियमित एक्सरसाइज करें, पर्याप्त नींद लें और तनाव को मैनेज करें। साथ ही, किसी भी तरह की हार्मोनल समस्या या लगातार बढ़ते वज़न की स्थिति में एक्सपर्ट या डॉक्टर से सलाह ज़रूर लें। सही जानकारी और संतुलित लाइफस्टाइल अपनाकर ही हेल्दी तरीके से वज़न कम किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है

Latest Health News