1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. ओज़ेम्पिक दवा सस्ती हो गई, लेकिन क्या पतला होने के लिए इसे कोई भी ले सकता है, क्या नुकसान हैं, डॉक्टर से जानते हैं?

ओज़ेम्पिक दवा सस्ती हो गई, लेकिन क्या पतला होने के लिए इसे कोई भी ले सकता है, क्या नुकसान हैं, डॉक्टर से जानते हैं?

वजन घटाने के लिए दवा खाने की सोच रहे हैं तो जान लें ओज़ेम्पिक जैसी वेट लॉस दवाओं को किसे खाना चाहिए, किसे नहीं खाना चाहिए? वजन घटाने वाली दवाएं कैसे काम करती हैं और इसके क्या नुकसान हैं?

वजन घटाने वाली दवाएं और उनके नुकसान- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV वजन घटाने वाली दवाएं और उनके नुकसान

भारत में ओज़ेम्पिक जैसी वजन घटाने वाली दवाएं 75% तक सस्ती होने वाली है। अभी तक आपने सेलेब्स को इस तरह के ड्रग्स लेकर वजन घटाते हुए देखा होगा, लेकिन अब जब दवा सस्ती हो रही है तो क्या इसे हर कोई खाकर मोटापा कम कर सकता है। आइये डॉक्टर से जानते हैं ओज़ेम्पिक जैसे वेट लॉस करने वाले ड्रग्स क्या हर कोई ले सकता है। इसे खाने के नुकसान क्या हैं और किसे लेने चाहिए किसे नहीं?

ओज़ेम्पिक से वजन कम होता है?

रायपुर के जाने माने कैंसर सर्जन डॉक्टर जयेश शर्मा के मुताबिक, यह दवाएं डायबिटीज के लिए बनाई थी और डायबिटीज और मोटापे का एक दूसरे से गहरा संबंध है। अगर आपका बढ़ा हुआ वजन तेजी से कम होता है तो डायबिटीज रिवर्सल होता है। अगर वजन बढ़ता जाता है तो डायबिटीज का खतरा भी बढ़ता है। इनको कंट्रोल करने के लिए वैज्ञानिकों ने एक मोलिक्यूल की पहचान की है जो शरीर में नेचुरली रहता है। उसको GLP1 बोलते हैं। इसके तीन मुख्य काम होते हैं। यह जब हम खाना खाते हैं तो पेट से आंतों में जाने को धीमा कर देता है इसलिए पेट ज्यादा देर तक भरा रहता है। दूसरा हमारे दिमाग के तृप्ति केंद्र को एक्टिव करता है जो मस्तिष्क के हाइपोथैलेमस भाग में होता है। इससे जल्दी से भूख नहीं लगती और तीसरा यह इंसुलिन को स्मार्ट बनाता है। तो शुगर से फैट बनने का जो प्रोसेस है वह कम हो जाता है। 

ओज़ेम्पिक के नुकसान क्या हैं?

इसका मतलब ये नहीं है कि दिनभर तो मस्त छोले भटूरे और जलेबी खाओ और वजन कम करने के लिए दवा खा लो। ऐसी कोई दवाई नहीं है। हां इस दवा को खाने से आपका छोले भटूरे और जलेबी खाने का मन ही होना कम हो जाएगा। यह उस चीज की दवा है। ज्यादा खाएंगे तो नॉजिया होगा जो इन दवाओं का सबसे आम साइड इफेक्ट है। लंबे समय तक इसे खाने से सिर्फ फैट लॉस नहीं होता बल्कि मसल्स लॉस भी होता है। तो अगर आप रेगुलर एक्सरसाइज और मसल्स बिल्डिंग के लिए कोशिश नहीं कर रहे हैं तो आपकी बॉडी धीरे-धीरे कमजोरी होती जाएगी। जो बुढ़ापे में ज्यादा तकलीफ देती है। अगर आप सोच रहे हैं कि बुढ़ापे के नुकसान छोड़कर अभी 1-2 महीने में शादी तक वजन घटाने के लिए का लेते हैं और स्लिम हो जाते हैं तो जान लें इस दवा को खाने से आपकी त्वचा लूज हो जाती है। इससे स्किन के नीचे का फैट कम होता है और त्वचा ढीली हो जाती है। अगर आप 30-40 की उम्र में ये दवा खा रहे हैं तो आपका अजीब सा Ozempic look आ जाएगा। जिसमें आप बहुत सुंदर नहीं दिखते हैं।

क्या वजन घटाने की दवाओं से पतले होते हैं?

अब आप सोच रहे होंगे कि एक बार पतले हो जाएं बस फिर छोड़ देंगे। तो आपको बता दें इस तरह के इंजेक्शन आप जब तक लेते रहेंगे तभी तक इसका फायदा है। उसके बाद अगर आप डाइट और एक्सरसाइज से अपने वजन कंट्रोल नहीं कर रहे हैं तो वजन बढ़ना पक्का है और ज्यादातर मामलों में दवाई बंद करने के बाद वजन बढ़ जाता है।

ओज़ेम्पिक के नुकसान

इस दवा के गंभीर नुकसान में सबसे ज्यादा एक ही है कि पैंक्रियाटाइटिस नाम की बीमारी हो सकती है। हालांकि इसकी संभावना काफी कम है लेकिन कुछ मामलों में ऐसा देखा गया है। इसलिए आपको डाइट और एक्सरसाइज करके वजन घटाना चाहिए। अगर उससे नहीं हो पा रहा है तो ही इस तरह की दवाओं का सेवन डॉक्टर की सलाह से करना चाहिए। 

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News