सुबह-सुबह उठते ही महसूस होती है थकान और कमजोरी, तो शरीर में हो सकती है किस विटामिन की कमी?
Why feeling tired and weak in morning: क्या आपको भी सुबह के समय अक्सर बहुत ज्यादा थका हुआ महसूस होता है? अगर हां, तो हो सकता है कि आपके शरीर में एक जरूरी विटामिन की कमी पैदा हो गई हो।
सुबह-सुबह उठते ही थकान, कमजोरी और सुस्ती महसूस होना, भले ही मामूली सा लक्षण लग रहा हो। लेकिन ये लक्षण कुछ जरूरी विटामिन की कमी की तरफ भी इशारा कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विटामिन डी की कमी या फिर विटामिन बी12 की कमी, एनर्जी लेवल्स को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि जब इन दोनों में से किसी भी एक विटामिन की कमी पैदा होती है, तब शरीर में थकावट और कमजोरी महसूस होने लगती है।
विटामिन डी की कमी- लगातार थकावट महसूस होना, विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है। इसके अलावा अगर आपकी हड्डियों में दर्द हो रहा है, तो हो सकता है कि आपकी बॉडी में इस विटामिन की कमी पैदा हो गई हो। इस विटामिन की कमी के कारण जोड़ों में जकड़न महसूस हो सकती है। इतना ही नहीं विटामिन डी की कमी की वजह से मूड स्विंग्स जैसे लक्षणों का सामना करना पड़ सकता है।
विटामिन बी12 की कमी- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि थकान, कमजोरी और हाथों-पैरों में झुनझुनी, इस तरह के लक्षण विटामिन बी12 की कमी के दौरान दिखाई देने वाले कुछ मुख्य लक्षण हैं। विटामिन बी12 की कमी के कारण याददाश्त भी कमजोर हो सकती है। इस विटामिन की कमी के कारण त्वचा का पीला पड़ना, चक्कर आना और सांस लेने में तकलीफ होना, इस तरह के लक्षण भी महसूस हो सकते हैं।
कमी को दूर करने के लिए क्या करें- विटामिन डी की कमी से छुटकारा पाने के लिए धूप में बैठिए, मशरूम खाएं, अंडे की जर्दी का सेवन करें या फिर दूध/दही को डाइट प्लान में शामिल करें। वहीं, विटामिन बी12 की कमी को दूर करने के लिए डेयरी प्रोडक्ट्स, अंडे, सोया या फिर बादाम का सेवन किया जा सकता है। शरीर में पैदा हुई विटामिन की कमी ज्यादा होने पर डॉक्टर आपको विटामिन सप्लीमेंट्स लेने की सलाह भी दे सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
